आर्मी जवान था हत्यारा: 9 नवंबर को घर से गाड़ी ठीक कराने निकला सेना का जवान, 5 दिसंबर को वीडियो में करणी सेना के अध्यक्ष को सिर में गोली मारते दिखा

नारनौल। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष को घर में घुसकर गोलियों से भूनने वाला हत्यारा सेना का जवान था। CCTV फुटेज के आधार पर हत्यारे की पहचान महेंद्रगढ़ (नारनौल) जिले के गांव दौंगड़ा जाट के रहने वाले नितिन फौजी के रूप में हुई है। नितिन फौज में जाट रेजीमेंट में जवान है और छुट्टी लेकर घर आया था। आरोप है कि जिले के गांव दौंगड़ा जाट के रहने वाला नितिन फौजी व उसके सहयोगी रोहित राठोड़ ने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की है।
नितिन फौजी 16 जाट रेजिमेंट में कार्यरत है और वह आठ नवंबर को छुट्टी पर आया था। नितिन फौजी के पिता कृष्ण भी सेवानिवृत फौजी हैं और उसका दूसरा भाई विकास भी सेना में कार्यरत है। कृष्ण गांव में नंबरदार हैं। उनका कहना है कि नितिन छुट्टी पर आने के बाद से गायब चल रहा है। वह कहां है, उसकी कोई जानकारी नहीं है।
बाइक ठीक कराने का बोल घर से निकला था फौजी
फौजी शूटर नितिन हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले के दोगड़ा गांव का रहने वाला है। उसकी पत्नी राजस्थान के अलवर जिले के नजदीक स्थित बहरोड की है और इन दिनों वो अपने पीहर में ही है। नितिन फौजी की एक फोटो भी सामने आई है जिसमें वह सेना की वर्दी में दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि नितिन बीते दिनों 9 नवंबर को आर्मी से छुट्टी लेकर घर आया था। लेकिन कुछ ही दिन रूकने के बाद गायब हो गया था।
नितिन के पिता भी हैं रिटायर्ड फौजी
आरोपी के पिता कृष्ण कुमार तक जब मीडिया पहुंचा तो उनका कहना था कि बेटा तो बाइक सही कराने गया था, अभी तक नहीं लौटा…. अब कुछ लोग बोल रहे हैं कि उसने किसी को मार दिया है। लेकिन हमें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। बता दें कि नितिन के पिता कृष्ण कमार भी रिटायर्ड फौजी हैं। लेकिन इस घटना के बारे में जानकर पूरा परिवार परेशान है। नितिन फौजी 19 जाट बटालियन में तैनात था। उसकी पोस्टिंग अलवर जिले में ही थी जो कि राजस्थान में है। उसकी शादी अभी एक साल पहले ही हुई थी।











