सेना भर्ती रैली : हो जाईये तैयार, 23 नवंबर से शुरू होगी सेना में जवान व अफसरों की भर्ती रैली, इन जिलों के अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा

पटना। बिहार के युवाओं को जोश हाई करने का समय आ गया है। सेना भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) दानापुर में सेना भर्ती रैली का आयोजन किया गया है। 23 नवंबर से पटना में आर्मी बहाली की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। यह बहाली 11 दिनों तक चलेगी, जिसमें जीडी के साथ-साथ अफसरों की भी भर्ती होगी। दानापुर में 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक सेना भर्ती रैली होगी।
इस सेना भर्ती रैली में 23 नवंबर को जूनियर कमीशन अफसर (धार्मिक शिक्षक) और हवलदार (सर्वेयर ऑटो कारटोग्राफर), 24 नवंबर से 30 नवंबर तक सभी अग्निवीर श्रेणियों की भर्ती, 2 दिसंबर और 3 दिसंबर 2023 को अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) महिला सेना पुलिस की होने वाली महिला रैली होगी।
भर्ती का आयोजन स्थल न्यू केएलपी ग्राउंड, चांदमारी, दानापुर कैंट है। उन्होंने कहा कि पुरुष रैली के लिए रैली स्थल पर प्रवेश सभी दिन सुबह 2.45 बजे शुरू होगा। महिला रैली के लिए प्रवेश 2 दिसंबर और 3 दिसंबर 2023 को सुबह 3 बजे शुरू होगा।
दानापुर भर्ती निर्देशक कर्नल करन मेहता ने कहा कि सेना भर्ती रैली में सात जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। इसमें सीवान, सारण (छपरा), गोपालगंज, वैशाली, पटना, बक्सर और भोजपुर (आरा) जिला शामिल है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या मे पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी. बैरिकेडिंग, पेयजल की सुविधा, चिकित्सा सुविधा, सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था, वाटरप्रूफ पंडाल, अभ्यर्थियों के लिए कैंपिग/विश्राम क्षेत्र की व्यवस्था, चलंत शौचालय व मूत्रालय, प्रकाश की व्यवस्था, विद्युत एवं जेनरेटर बैकअप, उपकरणों की व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था, स्वच्छता, दूरभाष, ध्वनि विस्तारक यंत्र की सुविधा, डाटा फीडिंग की व्यवस्था, आवासन की सुविधा रहेगी.












