मणिपुर में महिलाओं के नग्न वीडियो पर CM हेमंत सोरेन ने दी तीखी प्रतिक्रिया, घटना को बताया देश का काला अध्याय, PM मोदी पर भी कसा तंज, देखें Video

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मणिपुर में दो आदिवासी महिलाओं के साथ हुई घटना की घोर निंदा करते हुए कहा है कि यह घटना देश के इतिहास में काला अध्याय के रूप में दर्ज किया जायेगा। मणिपुर में 80 दिनों से चली आ रही हिंसा के बाद एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है. दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र करने के मामले में सीएम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
यहां देखें वीडियो…
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष तौर पर मणिपुर की घटना की हम घोर निंदा करते हैं. मुझे लगता है कि आज जिस घटना को लेकर चर्चा हो रही है, ये इस देश के लिए और देश के इतिहास में एक काला अध्याय के रूप में याद किया जायेगा. हेमंत सोरेन पत्रकारों से बातचीत में मणिपुर में दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाये जाने पर आज अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने चुप्पी भी कैसी तोड़ी है, उसे आप भी देख रहे हैं और पूरी दुनिया देख रही है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि बहुत दुर्भाग्य की बात है कि एक ओर आप देश को विश्व गुरु बनाने चले हैं. आप देश के सर्वांगीण विकास की बात करते हैं. दुनिया के अलग-अलग देशों में आपका भव्य स्वागत होता है, लेकिन आपके अपने ही देश में राज्यों के अंदर गृह युद्ध छिड़ा हुआ है।












