कॉलेज के कमरे में मिले कंडोम के पैकेट और करोड़ों की नकदी, सूटकेस खोलते ही उड़े होश, मिला रिवाल्वर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल से एक और हैरान करने वाली खबर है। प्रतिष्ठित सुरेंद्रनाथ कॉलेज में बंद छात्र संघ कक्ष से चौकाने वाले समानों की बरामदगी हुई है। करीब एक वर्ष से बंद पड़े यूनियन रूम का ताला खुलते ही अंदर से नकदी से भरे दो बड़े सूटकेस, कंडोम के पैकेट और एक रिवॉल्वर मिलने का दावा किया गया है। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

कमरे के अंदर रखे दो बड़े सूटकेसों में 100 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। बरामद नकदी की राशि लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। लंबे समय तक बंद कमरे में रखे रहने के कारण कई नोटों को दीमक ने भी नुकसान पहुंचाया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह रकम काफी समय से वहां छिपाकर रखी गई थी।

तलाशी के दौरान छात्र कॉमन रूम और आसपास के हिस्सों से कंडोम के कई पैकेट भी मिले। इसके अलावा कॉलेज की छत पर शराब की खाली बोतलें और यूनियन रूम के भीतर एक काले पैकेट में रिवॉल्वर बरामद होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य के विभिन्न कॉलेजों के छात्र संघ कक्षों को बंद किया गया था। सुरेंद्रनाथ कॉलेज का यह कमरा भी लगभग एक वर्ष से बंद था। हाल ही में छात्र संघ से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड और खर्च का विवरण मांगे जाने के बाद कमरे का ताला खोला गया, जिसके बाद यह चौंकाने वाली बरामदगी सामने आई।

जांच के दौरान कॉलेज परिसर में दो ऐसे कमरे भी मिले, जिन्हें बेडरूम की तरह इस्तेमाल किए जाने के संकेत मिले हैं। इन कमरों में एयर कंडीशनर (एसी) भी लगे हुए थे, जिससे कई नए सवाल खड़े हो गए हैं।

इस मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। भाजपा ने आरोप लगाया है कि छात्र राजनीति की आड़ में कॉलेज में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और कथित तौर पर दाखिला दिलाने के नाम पर छात्रों से बड़ी रकम वसूली जाती थी। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद नकदी, हथियार तथा अन्य सामान के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close