‘दृश्यम’ जैसी खौफनाक साजिश! पति को साइनाइड देकर मारा, फैक्ट्री के फर्श के 12 फीट नीचे दफनाया; 2 साल तक बोली- ऑस्ट्रेलिया में है
गुजरात के जामनगर में सनसनीखेज खुलासा, पत्नी और कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप; रिश्तेदार के शक से खुला दो साल पुराना राज

जामनगर। गुजरात के जामनगर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने बॉलीवुड फिल्म ‘दृश्यम’ की कहानी की याद दिला दी। आरोप है कि एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पहले पति की साइनाइड देकर हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को फैक्ट्री के फर्श के करीब 12 फीट नीचे दफना दिया। इतना ही नहीं, परिवार को करीब दो साल तक यह विश्वास दिलाया जाता रहा कि वह नौकरी के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चला गया है।
रिश्तेदार के शक से खुला दो साल पुराना राज
मृतक की पहचान जिग्नेश मावड़िया के रूप में हुई है। मामला तब सामने आया जब परिवार का एक सदस्य ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहा था और उसने वहां जिग्नेश के संपर्क की जानकारी मांगी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिवार को शक हुआ और जिग्नेश के भाई ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पत्नी और कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि जिग्नेश की पत्नी पृथ्वी और उसके कथित प्रेमी नीलेश पर हत्या की साजिश रचने का संदेह है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों ने जिग्नेश की शराब में साइनाइड मिलाकर उसे जहर दिया और उसकी मौत के बाद शव को जामनगर के डेरेड GIDC स्थित एक औद्योगिक यूनिट में ले जाकर फैक्ट्री के फर्श के नीचे गहरे गड्ढे में दफना दिया।
फैक्ट्री में खुदाई के दौरान मिला कंकाल
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर खुदाई कराई। इस दौरान फर्श के नीचे से एक कंकाल बरामद हुआ। फिलहाल उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद हत्या, सबूत मिटाने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
दो साल तक परिवार को करते रहे गुमराह
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लगातार परिवार को यही बताया कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में काम कर रहा है। इसी झूठ के कारण करीब दो साल तक किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही रिश्तेदार ने ऑस्ट्रेलिया में उसकी मौजूदगी की पुष्टि करने की कोशिश की, पूरी साजिश का पर्दाफाश होना शुरू हो गया।
डीएनए रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि बरामद कंकाल की डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।









