“पैसा नहीं दिया, अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो” सांसद को ही दे दी फोन पर धमकी, नेपाल से आरोपी गिरफ्तार

पटना। बिहार में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं, ये बताने की जरूरत नहीं। अब तक ये बदमाश पुलिस और सांसद पर भी हाथ डालने से गुरेज नहीं कर रहे। ऐसा ही एक मामला सीतामढ़ी से सामने आया था, जहां सांसद को ही एक बदमाश ने रंगदारी देने की धमकी दे दी। सीतामढ़ी के जदयू सांसद सुनील कुमार पिंटू से फोन पर लगातार रंगदारी मांगी जा रही थी। इस मामले में सांसद ने FIR दर्ज करायी थी, जिसके बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सांसद के मोबाइल पर आरोपी बार-बार फोन कर रंगदारी की डिमांड कर रहा था।
सीतामढ़ी के सांसद पिंटू ने पटना शास्त्री नगर थाने में रंगदारी का मामला दर्ज कराया था। रंगदारी मांगने वाले पैसे नहीं देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी थी। पुलिस इस मामले में थाना कांड संख्या 518/023 दर्ज कर जांचकर रही थी। उक्त आरोपित युवक पर पूर्व में भी हत्या का आरोप है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी, इसी बीच सूचना मिली की आरोपी नेपाल बोर्डर के पास मौजूद हैं।
सदल सीमा क्षेत्र की नाकेबंदी कर उक्त युवक को भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने युवक से गहन पूछताछ शुरू कर दी। इसका तार नेपाली अपराधियों से जुड़े होने की संभावना की जांच पुलिस कर रही है। रंगदारी और हत्या के आरोपित युवक को सीमावर्ती अनुमंडल क्षेत्र में और नेपाल में इसे संरक्षण देने वाले सफ़ेदपोश तक पुलिस पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
फिलहाल, गिरफ्तार युवक को सख्त सुरक्षा व्यवस्था में पटना शास्त्री नगर पुलिस अपने साथ ले गई। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नेपाल पर्सा और बारा जिला के बीच ग्रामीण रास्ते से नेपाल भागने के दौरान शिवहर थाना क्षेत्र के पूर्णहिया गांव निवासी वशिष्ठ नारायण झा के पुत्र अनीश कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।








