DSP NEERAJ KUMAR : गैंगस्टर अमन साहू गैंग के निशाने पर कैसे आ गये डीएसपी और SI, इन्वेस्टिगेशन के लिए चर्चित रहे हैं ATS के DSP, मिल चुका है होम मिनिस्ट्री अवार्ड

पतरातू। गैंगस्टर अमन साहू के शूटरों ने पुलिस पर गोलियों की बौछार कर दी है। गोलीबारी में डीएसपी नीरज कुमार और सब इंस्पेक्टर सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना उस वक्त घटी, जब गैंगस्टर अमन साहू के गुर्गों को गिरफ्तार करने लिए एटीएस की टीम पतरातू पहुंची थी। इसी दौरान झारखंड एटीएस की टीम पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई। इसमें एटीएस के डीएसपी नीरज कुमार और पतरातू थाने के दारोगा सोनू कुमार साहू घायल हो गए हैं। दोनों की हालत गंभीर है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना पतरातू थाना क्षेत्र के सरना स्कूल के पास की है। रात लगभग पौने नौ बजे की ये पूरी घटना है। अमन साहू गिरोह के दो अपराधी बाइक पर सवार थे। एटीएस की टीम ने जैसे ही उन्हें घेरने की कोशिश की, तो वे लोग ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इसमें डीएसपी नीरज के पेट में दारोगा सोनू कुमार साहू को जांघ में गोली लगी है।
जानिये कौंन हैं डीएसपी नीरज कुमार
डीएसपी नीरज कुमार चर्चित पुलिस अफसर हैं। नीरज कुमार को शानदार इन्वेस्टिगेशन के लिए केंद्र सरकार की तरफ से दिया जाने वाला होम मिनिस्ट्री मेडल मिल चुका है। रांची के मुख्यालय वन डीएसपी रहते हुए नीरज कुमार ने कांके में ला कालेज की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले का खुलासा किया था। एटीएस को अमन साहू गिरोह के कुछ शूटर्स के पतरातू में होने की आशंका थी. पुलिस को लास्ट लोकेशन इसी जगह की दिखा रहा था. इन्हीं लोगों के सर्च ऑपरेशन में नीरज कुमार के नेतृत्व में एटीएस की एक टीम पतरातू पहुंची थी। डीएसपी को गोली लगने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. अमन साहू इस वक्त दुमका जेल में बंद है।











