महिला सिपाही ने आशिक के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, आरोपी प्रेमी भी CRPF में है तैनात, पढ़िये खौफनाक वारदात

भरतपुर। CRPF महिला कांस्टेबल ने आशिक के साथ मिलकर पति को ही मौत के घाट उतार दिया। मामला राजस्थान के भरतपुर का है। जहां पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर पंचनामा कराया, उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच में जुट गई है। भरतपुर जिले (Bharatpur) के नरेना चौथ गांव की रहने वाली सीआरपीएफ महिला कांस्टेबल का नाम पूनम जाट है, जो CRPF में पोस्टेड है।

ये पूरा मामला सीआरपीएफ में तैनात दो कांस्टेबल का है। पति की हत्या की आरोपी पूनम जाट सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर है। पूनम की शादी साल 2010 में नरेना चौथ निवासी संजय के साथ हुई थी। पूनम का सीआरपीएफ में कांस्टेबल रामप्रताप गुर्जर के साथ अफेयर चल रहा था। कांस्टेबल रामप्रताप की पोस्टिंग नागालैंड में है। इन दोनों ने मिलकर संजय को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
प्लानिंग के बाद, पूनम ने फोन करके पति संजय को दिल्ली बुलाया। जिसके बाद 31 जुलाई को पति संजय सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गया, वहां पहले से ही मौके पर मौजूद पत्नि पूनम और उसके प्रेमी रामप्रताप गुर्जर ने मिलकर संजय की हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतक संजय के शव को लेकर दिल्ली से बानसूर (राजस्थान) पहुंचा और बाईपास रोड पर विवेकानंद पब्लिक स्कूल के पीछे खाली पड़े प्लाट में दफना दिया।
दरअसल पूनम का मायका उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रायपुर गांव में है, वह लगभग ढाई साल से दिल्ली के द्वारका सेक्टर 8 में मेट्रो स्टेशन पर तैनात है। पूनम और संजय के तीन बच्चे हैं, जिसमें सबसे बड़ी लड़की की उम्र 12 साल है। उससे छोटे बेटे की उम्र 8 और सबसे छोटा बेटे की उम्र 5 साल है। ये बच्चे गांव में ही रहते हैं, बेटी आठवीं क्लास में पढ़ती है और बड़ा बेटा पहली क्लास में पढ़ता है। पूनम का प्रेमी रामप्रताप भी शादीशुदा है और उसके भी दो बच्चे हैं।











