झारखंड में चार घूसखोर रंगेहाथों पकड़ाये : राजस्व निरीक्षक, बड़ा बाबू व प्रधान सहायक सहित चार रिश्वतखोर पकड़ाये,तीन जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई

रांची। झारखंड में आज घूसखोरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई है। एक साथ आज चार घूसखोर रंगे हाथों गिरफ्तार किये गये हैं। जमशेदपुर, रांची और पलामू में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार रिश्वतखोरों को दबोचा है। एसीबी ने गिरफ्तारी के बाद सभी से पूछताछ शुरू की है, माना जा रहा है कि इस मामले में कुछ बड़ी मछलियां भी फंस सकती है। पश्चिमी सिंहभूम में जहां एक क्लर्क को 5 हजार घूस लेते पकड़ा गया है, तो वहीं खूंटी में राजस्व उपनिरीक्षक को 5 हजार घूस लेते और पलामू में 10 हजार घूस लेते नगर परिषद के प्रधान सहायक को गिरफ्तार किया गया है।
राजस्व उप निरीक्षक 5 हजार लेते धराया
खूंटी में राजस्व उपनिरीक्षक को 5 हजार घूस लेते एसीबी ने पकड़ा है। एसीबी रांची की टीम ने खूंटी तहसील कार्यालय के राजस्व उपनिरीक्षक अरविंद बिहारी दास को पांच हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया। घूसखोर अफसर ने पांच हजार रुपये की मांग की थी। जिसकी शिकायत एसीबी को की गयी। एसीबी ने इस मामले में पड़ताल के बाद रंगे हाथों गिरफ्तारी का जाल बिछाया। आज तय कार्यक्रम के तहत पीड़ित को रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया था। जैसे ही घूसखोर अफसर ने पैसे लिये, इशारा मिलते ही एसीबी ने राजस्व निरीक्षक को पैसे के साथ पकड़ लिया।
5 हजार की रिश्वत लेते बड़ा बाबू पकड़ाये
बिजली विभाग में ज्यादा रकम जमा करने वाले उपभोक्ता को राशि वापस करने के नाम पर बड़ा बाबू 5 हजार रुपये रिश्वत ले रहे थे। दरअसल पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी के दुरूला के रहने वाले सागर हेस्सा ने शिकायत की थी, कि चाईबासा (ग्रामीण) विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता को ग्रामीण क्षेत्र में होलर मशीन व आटा चक्की चलाने की जानकारी नहीं होने के कारण गलत टैरिफ में सिक्योरिटी मनी के रूप में 81100 रुपये जमा कर दिया था। जब उसे इसकी जानकारी लगी, तो उसने पैसे की वापसी के लिए आवेदन विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल चाईबासा जाकर वहां के बड़ा बाबू शंभू कुमार के पास लगाया। पैसे वापसी के लिए उन्होंने 5 हजार रुपये घूस मांगा। इसम मामले में एसीबी से शिकायतकर्ता ने संपर्क किया। एसीबी ने जांच की, तो मामला सही मिला, जिसके बाद रंगे हाथों गिरफ्तारी का ACB ने जाल बिछाया और फिर रिश्वत लेते टीम ने रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।
प्रधान सहायक 10 हजार लेते पकड़ाया
इधर, पलामू में नगर परिषद का प्रधान सहायक को 10 हजार घूस लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गिरफ्तारी की। पलामू एसीबी की टीम ने विश्रामपुर नगर परिषद के प्रधान सहायक अनिल कुमार व आदेशपाल जितेंद्र बहेलिया को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। प्रधान सहायक अनिल कुमार ने एक काम के सिलसिले में 10 हजार रुपए की मांग की थी। मामले में एसीबी को शिकायत दी गयी। जिसके बाद रिश्वतघोर प्रधान सहायक अनिल कुमार को 10 हजार रुपये के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं आदेशपाल को भी एसीबी ने पकड़ा है।











