झारखंड : सड़क हादसे में चार युवकों की गयी जान, बाइक सवार युवकों को गाड़ी ने मारी टक्कर, पुलिस जांच में जुटी
Jharkhand: Four youths lost their lives in a road accident; a vehicle hit the youths who were riding a motorcycle. The police have launched an investigation.

बोकारो। स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच एक बड़े सड़क हादसे की खबर आ रही है। हादसे में चार युवकों की जान चली गयी है। घटना झारखंड के बोकारो जिले में शुक्रवार देर रात घटी, जहां भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के पुरुलिया-धनबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरनी मोड़ के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, बोकारो पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के अमाडीह गांव के रहने वाले हैं। हालांकि, थाना प्रभारी के अनुसार अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उस अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है, जिसने बाइक को टक्कर मारी थी।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जा सके।
शव मोर्चरी में रखे गए
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर बोकारो जनरल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मृतकों की पहचान और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।घटना की जानकारी सामने आने के बाद अमाडीह गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। हादसे ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
थाना प्रभारी ने दी हादसे की जानकारी
पिंड्राजोड़ा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास जारी है।पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान और जांच के आगे बढ़ने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आ सकेगी।











