Gumla Murder Mystery: दर्दनाक! छोटे भाई को ज्यादा मिलता था प्यार, 14 साल की बहन ने 7 साल के भाई घोंट दिया गला, गिरफ्तार
#GumlaNews #JharkhandCrime #MurderCase #BreakingNews #ChildMurder #CrimeNews #JharkhandNews #PoliceInvestigation #GumlaPolice #LatestNews

गुमला। छोटे भाई को ज्यादा पार मिलता था, इसी जलन से 14 साल की बहन ने अपने 7 साल के भाई की जान ले ली। दिल दहलाने वाली ये घटना झारखंड के गुमला जिले की है, जहां 7 वर्षीय मासूम नवीन कुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक की 14 वर्षीय सगी नाबालिग बहन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में किशोरी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे किशोर न्याय अधिनियम के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
जंगल में मिला था मासूम का शव
ये पूरा मामला रायडीह थाना क्षेत्र के कांसीर जामटोली गांव का है। 15 जून को हेमंत कुमार सिंह के 7 वर्षीय बेटे नवीन कुमार सिंह का शव गांव के समीप जंगल से बरामद हुआ था। बच्चे का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए रायडीह पुलिस ने तत्काल विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर जांच शुरू की थी।
जांच में बहन पर गया शक
पुलिस ने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से अलग-अलग पूछताछ की। जांच के दौरान कई तथ्यों के आधार पर संदेह मृतक की बड़ी बहन पर गया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों और विशेषज्ञों की मदद से किशोरी से पूछताछ की गई।गहन पूछताछ के दौरान किशोरी टूट गई और उसने रोते हुए अपने छोटे भाई की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
ईर्ष्या और उपेक्षा की भावना बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार आरोपी किशोरी ने बताया कि उसे हमेशा लगता था कि परिवार के सभी सदस्य उसके छोटे भाई नवीन को उससे ज्यादा प्यार करते हैं। भाई की हर मांग पूरी की जाती थी, जबकि उसे अक्सर डांट-फटकार का सामना करना पड़ता था।समय के साथ यह भावना उसके मन में गहरी नाराजगी और ईर्ष्या में बदल गई, जिसने उसे इस खौफनाक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
घुमाने के बहाने जंगल ले गई
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि 15 जून को वह नवीन को घुमाने के बहाने गांव के पास जंगल में ले गई। वहां सुनसान जगह देखकर उसने पहले उसका गला दबाकर हत्या कर दी।इसके बाद पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने पास में पड़े एक भारी पत्थर से मासूम के सिर और चेहरे पर वार कर शव को क्षत-विक्षत कर दिया।
हत्या के बाद सामान्य व्यवहार करती रही
वारदात को अंजाम देने के बाद किशोरी अकेले घर लौट आई और सामान्य व्यवहार करती रही, ताकि किसी को उस पर शक न हो। परिवार और ग्रामीण लगातार बच्चे की तलाश करते रहे, लेकिन किसी ने भी बहन पर संदेह नहीं किया।
खुलासे से गांव में सदमा
पहले से ही मासूम की हत्या से स्तब्ध गांव के लोग तब और हैरान रह गए, जब पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी सगी बहन ने की थी।घटना के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध हैं।रायडीह पुलिस ने आरोपी किशोरी को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया। अदालत के निर्देश पर उसे बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेज दिया गया है।












