लाल किले से देखना है आजादी का जश्न? टिकट बुक करने से पहले जान लें ये जरूरी बातें

नई दिल्ली: देश इस साल 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। आजादी के इस खास मौके पर राजधानी दिल्ली का लाल किला एक बार फिर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इसके बाद परेड समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बार समारोह में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज भी सुनाई देने की उम्मीद है।
अगर आप इस ऐतिहासिक पल को टीवी या मोबाइल स्क्रीन पर नहीं, बल्कि लाल किले से सामने बैठकर देखना चाहते हैं, तो आपके लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि, टिकट सीमित होने के कारण समय रहते बुकिंग करना जरूरी है।
ऐसे करें लाल किले के लिए टिकट बुक
स्वतंत्रता दिवस समारोह की टिकट ऑनलाइन बुक करने के लिए रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट aamantran.mod.gov.in पर जाना होगा।
अगर आपने पहले से रजिस्ट्रेशन कर रखा है तो मोबाइल नंबर और कैप्चा की मदद से लॉगिन किया जा सकता है। नए यूजर्स को पहले रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा।
रजिस्ट्रेशन के दौरान आवेदक को अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके साथ आधार कार्ड, पासपोर्ट या वोटर आईडी जैसे पहचान पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।
ध्यान रखें: रजिस्ट्रेशन के दौरान दी गई जानकारी बिल्कुल सही भरें। पहचान संबंधी जानकारी में गलती होने पर टिकट रद्द होने या प्रवेश के समय परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दोस्तों-रिश्तेदारों के लिए भी बुक कर सकते हैं टिकट
अगर आप परिवार, दोस्तों या रिश्तेदारों के साथ समारोह देखने की योजना बना रहे हैं तो उनके लिए भी टिकट बुक किया जा सकता है। इसके लिए वेबसाइट पर अतिथि जोड़ने का विकल्प उपलब्ध होगा।
अतिथि की सरकारी एजेंसी से प्राप्त पहचान संख्या दर्ज करने के बाद संबंधित मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद उपलब्ध जानकारी के आधार पर अतिथि के नाम से टिकट बुक की जा सकेगी।
कितने रुपये का है टिकट?
इस साल स्वतंत्रता दिवस समारोह के टिकट तीन श्रेणियों में उपलब्ध बताए गए हैं:
- सामान्य टिकट: 20 रुपये
- स्टैंडर्ड टिकट: 100 रुपये
- प्रीमियम टिकट: 500 रुपये
टिकट की उपलब्धता के आधार पर दर्शक अपनी सुविधा के अनुसार श्रेणी का चयन कर सकते हैं।
7:30 बजे होगा तिरंगा फहराने का कार्यक्रम
कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 7:30 बजे लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे। ऐसे में दर्शकों को समय से काफी पहले समारोह स्थल पर पहुंचना होगा।
सुरक्षा जांच और प्रवेश प्रक्रिया को देखते हुए कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना बेहतर रहेगा। देर से पहुंचने पर प्रवेश में परेशानी हो सकती है।
टिकट के साथ यही पहचान पत्र लेकर जाएं
लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस के दिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहती है। इसलिए दर्शकों को अपने साथ केवल जरूरी सामान रखना चाहिए।
साथ ही बुकिंग के दौरान जिस पहचान पत्र की जानकारी दी गई है, उसी पहचान पत्र को साथ लेकर जाना जरूरी है। टिकट और पहचान पत्र की जानकारी में अंतर होने पर प्रवेश प्रभावित हो सकता है।
टिकट जारी होने के बाद उसे डाउनलोड करके सुरक्षित रखें। समारोह स्थल पर प्रवेश के लिए टिकट की प्रिंटेड कॉपी साथ रखना जरूरी बताया गया है।
इस बार और खास होगा आजादी का जश्न
80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले का समारोह खास होने वाला है। तिरंगा फहराने के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन, परेड और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज माहौल को और देशभक्तिमय बनाएगी।
अगर आप भी इस ऐतिहासिक समारोह को लाल किले से प्रत्यक्ष देखना चाहते हैं, तो टिकट की उपलब्धता जांचकर जल्द बुकिंग करना बेहतर रहेगा।












