JSLPS के 372 डाटा एंट्री ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल छठे दिन भी जारी, L-7 वेतनमान की मांग, सरकार को दो टूक चेतावनी…
The indefinite strike by 372 JSLPS data entry operators continues into its sixth day; they are demanding the L-7 pay scale and have issued a stern warning to the government...

चतरा/झारखंड। झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के आह्वान पर JSLPS में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को छठे दिन भी जारी रही। कर्मचारी वर्षों से लंबित मांगों, खासकर L-7 वेतनमान लागू करने और सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
संघ के अनुसार राज्य के विभिन्न प्रखंड और जिला स्तर पर कार्यरत कुल 372 डाटा एंट्री ऑपरेटर इस अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल हैं। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से JSLPS से जुड़े ऑनलाइन कार्य, डाटा एंट्री और विभिन्न डिजिटल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
L-7 वेतनमान और सेवा सुरक्षा प्रमुख मांग
डाटा एंट्री ऑपरेटरों की प्रमुख मांगों में L-7 वेतनमान लागू करना, सेवा सुरक्षा प्रदान करना और वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के हित में न्यायसंगत एवं सम्मानजनक निर्णय लेना शामिल है।संघ का कहना है कि डाटा एंट्री ऑपरेटर लंबे समय से JSLPS के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
ऑनलाइन सिस्टम से जुड़े काम, डाटा एंट्री और डिजिटल कार्यों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके बावजूद वर्षों पुरानी मांगों पर अब तक कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।इसी वजह से कर्मचारियों को मजबूर होकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करनी पड़ी है।
नई HR Policy में डाटा एंट्री ऑपरेटरों को नहीं किया गया शामिल
संघ ने नई HR Policy को लेकर भी सवाल उठाए हैं। संघ के मुताबिक राज्य कार्यालय की ओर से हाल ही में नई HR Policy लागू की गई है, लेकिन इसमें डाटा एंट्री ऑपरेटरों को शामिल नहीं किया गया है।
संघ का दावा है कि केंद्र सरकार की मॉडल HR Policy में डाटा एंट्री ऑपरेटरों के पद और उनकी भूमिका का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। ऐसे में राज्य की HR Policy में भी डाटा एंट्री ऑपरेटरों को उचित स्थान और अधिकार दिए जाने की मांग की जा रही है।
पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता से मिला प्रतिनिधिमंडल
अपनी मांगों को लेकर संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता से भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें डाटा एंट्री ऑपरेटरों की समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों की जानकारी दी।संघ के अनुसार, सत्यानंद भोक्ता ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने मांगों को पूरा कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
संघ ने सरकार और संबंधित विभाग से कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। संघ का कहना है कि सरकार कर्मचारियों के साथ वार्ता कर उचित और सम्मानजनक समाधान निकाले, ताकि अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त की जा सके।
संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और जायज मांगों को लेकर किया जा रहा है। जब तक मांगों को लेकर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की बात कही गई है।झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, जिला इकाई चतरा ने सरकार से जल्द वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की है।












