क्या झारखंड में ED के अफसरों को नक्सलियों से नुकसान पहुंचाने की रची जा रही है साजिश, होम मिनिस्ट्री को भेजा गया इनपुट

रांची। झारखंड में ईडी के अफसरों की सुपारी नक्सलियों को दी जा रही है? ईडी को कुछ इंटेलिजेंस इनपुट मिले हैं, जिसके बाद अब ईडी ने होम मिनिस्ट्री को इसकी जानकारी दी है। खबर है कि ईडी के अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने के लिए मनी लॉन्ड्रिं ग के कुछ आरोपितों ने नक्सलियों से भी साठगांठ की थी।जेल में हुई छापेमारी को भी इसी के मद्देनजर देखा जा रहा है।
ईडी को अपने सर्विलांस से सूचना मिली है कि इन मामलों में जेल में बंद कुछ आरोपित व जेल के बाहर उनके सहयोगी नक्सलियों के साथ मिलकर ईडी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में हैं। वे ईडी के अधिकारियों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। खतरे की आशंका जताते हुए ईडी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को इससे अवगत कराया है। अब केंद्र भी इस पूरे मामले को गंभीरता से देख रहा है।
आपको बता दें कि राज्य में ईडी मनरेगा घोटाला, खनन घोटाला, जमीन घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिं ग के तहत अनुसंधान के दौरान बड़ा खुलासा किया है। इसमें नेता से लेकर नौकरशाह तक को ईडी ने लपेटा है, जिसके बाद से ही ईडी के अधिकारी व उनका कार्यालय राज्य के लिए चर्चा के केंद्र में हैं।जेल में बंद कुछ नक्सलियों पर भी ईडी की नजर है, जिनसे बहुत जल्द पूछताछ भी हो सकती है। फिलहाल, ईडी के अधिकारियों व उनके कार्यालय की सुरक्षा कड़ी की जा रही है।











