Jamshedpur Murder Case: हिमांशु हत्याकांड का फरार आरोपी राहुल दुबे ने किया सरेंडर, बिष्टुपुर थाने पहुंचकर किया खुद को पुलिस के हवाले, अब खुलेगा हत्या का राज?

Jamshedpur Murder Case: Rahul Dubey, the absconding accused in the Himanshu murder case, has surrendered; he turned himself in at the Bistupur police station. Will the mystery behind the murder now be revealed?

जमशेदपुर । झारखंड के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। फरार चल रहे आरोपी राहुल दुबे ने आखिरकार बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। दरअसल जमशेदपुर पुलिस ने राहुल दुबे के खिलाफ चौतरफा दवाब बनाये रखा था। लगातार छापेमारी हो रही थी, वहीं डिजिटल मानिटरिंग भी की जा रही थी। राहुल को यकीन हो गया था कि वो किसी भी वक्त पकड़ा जा सकता है। लिहाजा उसने आत्मसमर्पण कर दिया है।

 

जमशेदपुर की पुलिस राहुल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में लगातार छापेमारी कर रही थी। उसके सरेंडर के बाद अब पुलिस को उम्मीद है कि इस हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।पुलिस ने अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल दुबे की भूमिका को लेकर पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

 

27 जून को हुई थी सनसनीखेज हत्या

यह घटना 27 जून को जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि हिमांशु सिंह को पुलिस की गाड़ी से बाहर निकालकर चापड़ (धारदार हथियार) से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया था। उस समय मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल के साथ राहुल दुबे भी मौजूद था।

 

पूछताछ में सामने आ सकते हैं नए खुलासे

पुलिस अब राहुल दुबे से यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान उसकी क्या भूमिका थी। जांच अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि वह वारदात के समय घटनास्थल पर मौजूद था या नहीं और अन्य आरोपियों से उसका क्या संबंध था। पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

सरेंडर को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर

राहुल दुबे के आत्मसमर्पण के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि लगातार पुलिस की दबिश और संभावित एनकाउंटर के डर से उसने सरेंडर किया। हालांकि, पुलिस ने इस तरह की अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पूछताछ के बाद ही आरोपी की भूमिका और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

 

सरेंडर का वीडियो वायरल

इस बीच राहुल दुबे के बिष्टुपुर थाना पहुंचकर सरेंडर करने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह थाना परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं पर जारी है। अन्य आरोपियों की तलाश और साक्ष्य जुटाने का काम भी चल रहा है। राहुल दुबे के सरेंडर के बाद जांच में तेजी आने और कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close