जमशेदपुर: “मेरी बीबी से तेरा चक्कर है” दोस्त ही बन गया दोस्त का दुश्मन, डेकची से मारकर कर दी हत्या, गिरफ्तार

जमशेदपुर। बीबी से अफेयर के शक में पति ने अपने दोस्त की जान ले ली। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है. मामला जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला का है। जहां अवैध संबंध के शक में एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहन हांसदा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा का निवासी था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दोस्ती बनी विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक के अनुसार मोहन हांसदा की दोस्ती जयराम मुर्मू से थी और उसका जयराम के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान जयराम को अपनी पत्नी और मोहन के बीच अवैध संबंध होने का शक होने लगा। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और झगड़े होते थे।
देर रात हुआ खूनी विवाद
देर रात मोहन हांसदा जयराम के घर पहुंचा था। इसी दौरान तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में जयराम ने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर रात में ही दूसरे घर चली गई।
पत्नी के जाने के बाद मोहन और जयराम के बीच विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान जयराम ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची उठाकर मोहन पर हमला कर दिया। हमले में मोहन के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, खून से सनी स्टील की डेकची तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
परसुडीह थाना के सब-इंस्पेक्टर रितेश ने बताया कि मामले में आरोपी जयराम मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की पत्नी का भी बयान दर्ज किया जाएगा।









