Jharkhand Bandh 2026: छात्र आंदोलन के समर्थन में BJP का बड़ा ऐलान, 11 अगस्त को झारखंड बंद
Jharkhand Bandh 2026: BJP's major announcement in support of the student movement; Jharkhand Bandh on August 11.

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भाजपा ने कल झारखंड बंद का ऐलान किया है। भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने और आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य में पिछले कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। पार्टी ने कई मामलों की CBI जांच कराने की मांग की है।
JPSC-JSSC विवाद को लेकर सरकार पर निशाना
भाजपा नेताओं के मुताबिक छात्र पिछले कई दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है।भाजपा ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। पार्टी नेताओं का दावा है कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए हैं। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलनकारी छात्रों का पंडाल हटाने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई।
कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का लगाया आरोप
भाजपा ने JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। पार्टी नेताओं ने CGL, सहायक आचार्य, PGT और उत्पाद सिपाही भर्ती समेत कई नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया।भाजपा नेताओं ने 14वें JPSC PT मामले में हुई गिरफ्तारियों का भी जिक्र किया। पार्टी का कहना है कि छात्रों का राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है, इसलिए विवादित मामलों की जांच CBI से कराई जानी चाहिए।
11 अगस्त को सुबह 8 बजे से झारखंड बंद
भाजपा के ऐलान के मुताबिक 11 अगस्त को सुबह 8 बजे से देर रात तक झारखंड बंद रहेगा। हालांकि पार्टी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। इसके अलावा देवघर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने वाले कांवरियों को भी बंद से मुक्त रखने की बात कही गई है।
‘छात्रों के साथ खड़ी है भाजपा’
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्र आंदोलन के साथ खड़ी है। उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान निकालने की मांग की।पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ दोबारा बल प्रयोग या किसी तरह का गलत व्यवहार किया गया, तो भाजपा इसका विरोध जारी रखेगी। अब 11 अगस्त के बंद के दौरान राज्य में राजनीतिक और छात्र आंदोलन का असर किस तरह दिखाई देता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।












