झारखंड-दुल्हन की मौत: शादी से ठीक पहले दुल्हने कर ली आत्महत्या, युवक फोन पर दे रहा था धमकी, डर से दुल्हन ने…
Jharkhand—Bride's Death: Bride Commits Suicide Just Before Wedding; Young Man Was Issuing Threats Over the Phone—Driven by Fear, the Bride...

शादी के पहले दुल्हन की मौत से हड़कंप मच गया। मंगल गीत की जगह करूण कंद्रन सुनाई पड़ने लगा। डोली की जगह अर्थी सजने की ये घटना गुमला जिले के सियार टोली की है। शादी से ठीक पहले एक युवती ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
________________________________________
गुमला। शादी के कुछ ही घंटे पहले दुल्हन ने आत्महत्या कर ली। शादी की डोली जहां सजनी थी, वहां अब दुल्हन की अर्थी सजी है। दिल दहलाने वाली ये घटना झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सियार टोली की है। जहां से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में दो दिन बाद शादी की रस्में निभाई जानी थीं और खुशियों की गूंज होनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दुल्हन बनने जा रही 24 वर्षीय पूनम कुमारी ने मंगलवार सुबह अपने ही घर के आंगन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार, पूनम की शादी परसा बांसडीह निवासी देवेंद्र खेरवार के साथ तय हुई थी। शादी का कार्यक्रम पूरी तरह से तय था—26 अप्रैल को लगन, 28 अप्रैल को मड़वा और 29 अप्रैल को बारात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और मेहमानों का आना भी शुरू हो चुका था। लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को पलभर में शोक में बदल दिया।
मृतका की भाभी और सेरका पंचायत की मुखिया जयमंती कुमारी ने पुलिस के समक्ष गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गांव का ही एक युवक पिछले कुछ समय से पूनम को लगातार फोन कर परेशान कर रहा था। घटना वाले दिन सुबह भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। परिजनों का आरोप है कि युवक की लगातार प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण ही पूनम ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक लंबे समय से युवती पर अनावश्यक दबाव बना रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इस घटना के बाद पूरे सियार टोली गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण स्तब्ध हैं कि जो युवती कुछ दिन पहले तक अपनी शादी को लेकर उत्साहित थी, उसने अचानक इतना बड़ा कदम क्यों उठा लिया। गांव के लोगों और परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।












