संविधान दिवस के अवसर पर झारखंड स्थापना महोत्सव किया गया आयोजन…

पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखण्ड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय मानुषमुड़िया में झारखण्ड स्थापना महोत्सव एवं संविधान दिवस के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शरूआत विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष समर कुमार सिंह द्वारा भगवान बिरसा मुण्डा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम झारखण्ड के बारे में परिचर्चा की गई, जिसमें विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने झारखण्ड के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से अपनी बातें को रखा। छात्र-छात्राओं द्वारा रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर खेलो झारखण्ड के तहत आयोजित प्रतियोगिता में जीते प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अंतर्गत विद्यालय के फुटबॉल टीम द्वारा जिला स्तरीय खेल कूद में चैंपियन एवं राज्य स्तरीय खेल के लिए क्वालिफाई करने पर विशेष रूप से टीम को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सभी विद्यार्थी पारंपरिक परिधान में उपस्थित हुए थे। विद्यार्थियों द्वारा क्षेत्रीय एवं पारंपरिक खान-पान एवं चित्रकला का प्रदर्शनी भी लगाया गया था। जिसमें गुड़पीठी, डुमुक, साकाम पीठा, पुर पीठा आदि बना कर लाया गया था। उपस्थित अतिथियों द्वारा सभी स्टलों का अवलोकन किया गया। अंत में संविधान दिवस के बारे में प्रभारी प्राचार्य द्वारा बताया गया एवं सभी उपस्थित लोगों को संविधान के प्रस्तावना का शपथ दिलाया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य छोटा भुजंग टुडू द्वारा तथा संचालन सहायक शिक्षक सत्यजीत पात्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर लोधाशोली पंचायत की मुखिया सह विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष मंजु टुडू, सुब्रत प्रधान, हरिपदो महतो, सोनाली रानी दत्ता, गोपाल चंद्र घोष, पंचानन सोरेन, रूगुन बेसरा, शिवशंकर मंडल आदि उपस्थित थे।













