Jharkhand News: JSSC-JPSC परीक्षा जांच में बड़ी कार्रवाई, गोड्डा के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी CID की गिरफ्त में, कई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी कराने की आशंका..
Jharkhand News: Major action in the JSSC-JPSC exam probe; Godda's Block Supply Officer arrested by the CID; suspected involvement in rigging multiple recruitment exams.

रांची/गोड्डा। झारखंड में कथित भर्ती परीक्षा अनियमितताओं की जांच के बीच सीआईडी (CID) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी मंगलवार देर रात की गई। उनसे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान अभय तिवारी के बारे में जांच एंजेंसी को कुछ सबूत मिले थे।
किराए के मकान पर देर रात छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की टीम ने पोड़ैयाहाट के बांझी रोड स्थित किराए के मकान पर छापेमारी कर अभय तिवारी को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपये नकद बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। लेकिन खबरें पुख्ता है कि उनकी गिरफ्तारी हुई है और पूछताछ चल रही है।
कई प्रतियोगी परीक्षाएं पास करने का दावा
जांच एजेंसियों के अनुसार, सरकारी सेवा में आने से पहले अभय कुमार तिवारी एक निजी कंपनी TDPL में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उन पर PGT, JSSC CGL, ACF PT, MRO PT और FSO सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने से जुड़े मामलों की जांच चल रही है।सीआईडी इन परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
परीक्षा सिंडिकेट से जुड़े सुराग मिलने की उम्मीद
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान भर्ती परीक्षा से जुड़े कथित सिंडिकेट के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। हालांकि, जांच एजेंसी ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले सीआईडी ने जेपीएससी की परीक्षा नियंत्रक (Exam Controller) श्वेता गुप्ता को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। अब प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की गिरफ्तारी को जांच का एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।फिलहाल सीआईडी मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई पूछताछ व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।









