झारखंड: मजदूरों की हुई घर वापसी, एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत, CM हेमंत सोरेन से भी की मुलाकात

रांची: उत्तराखंड सुरंग से सुरक्षित निकले 15 मजदूर और उनसे मिलने गए 12 परिजन इंडिगो एयरलाइंस से आज शुक्रवार की रात करीब साढ़े 8 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचे. एयरपोर्ट पर उनका स्वागत झारखंड के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सांसद संजय सेठ, सांसद महुआ माजी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत अन्य नेताओं ने किया।
इसके बाद मंत्री सत्यानंद भोक्ता के साथ मजदूर एवं उनके परिजन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने के लिए कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की. सभी मजदूर व उनके परिजन गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे. आपको बता दें कि 408 घंटे की जंग के बाद झारखंड के सभी 15 मजदूर 17 दिनों के बाद सुरंग से बाहर निकले थे. इसके बाद उन्हें ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया था. इसके बाद वे झारखंड लौटे।
ये खबर भी पढ़ें…
झारखंड के 15 मजदूरों के ये हैं नाम
- रांची : ओरमांझी प्रखंड के खीराबेड़ा गांव के मजदूर अनिल बेदिया, राजेंद्र बेदिया और सुकराम बेदिया
- गिरिडीह : बिरनी के सुबोध वर्मा और विश्वजीत वर्मा
- पश्चिमी सिंहभूम : चक्रधरपुर प्रखंड के चेलाबेड़ा गांव के महादेव नायक
- खूंटी : कर्रा प्रखंड के गुमडू गांव निवासी विजय होरो, डुमारी गांव निवासी चमरा उरांव एवं मदुगामा गांव निवासी गनपाईत होरो
- पूर्वी सिंहभूम : डुमरिया प्रखंड के मानिकपुर गांव के रवींद्र नायक, रंजीत लोहार, गुणाधर नायक, बांकीशोल गांव के समीर नायक, कुंडालुका गांव का भुक्तु मुर्मू और डुमरिया गांव के टिंकु सरदार












