JSSC शिक्षक नियुक्ति मामला: हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, सभी LPA एक साथ सुनने का कोर्ट ने दिया आदेश, अब 12 अगस्त को अगली तारीख

रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की टीजीटी (TGT) शिक्षक नियुक्ति से जुड़े मामले में दायर लेटर्स पेटेंट अपील (LPA) पर मंगलवार को झारखंड हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने इस मामले से संबंधित सभी लंबित एलपीए को एक साथ टैग (अटैच) कर सुनवाई करने का निर्देश दिया। इस आदेश के बाद अब सभी प्रकरण को एक साथ क्लब कर सुनवाई की जायेगी।
कंटेम्प्ट कार्रवाई पर फिलहाल रोक
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अवमानना (Contempt) से संबंधित किसी भी प्रकार की कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगा दी। अब मामले की अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी। उस दिन सभी संबंधित एलपीए पर एक साथ विचार किया जाएगा। आपको बता दें कि इस मामले में कई अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट ने याचिका दायर की थी, अब अब सभी की एक साथ ही सुनवाई की जायेगी।
एकल पीठ के फैसले को दी गई चुनौती
आपको बता दें कि यह अपील झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से दायर की गई है, जिसमें शिक्षक नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट की एकल पीठ के फैसले को चुनौती दी गई है। आयोग ने खंडपीठ से एकल पीठ के आदेश पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
इन अधिवक्ताओं ने रखा पक्ष
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता रोहितस्य रॉय ने पक्ष रखा। वहीं JSSC की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरवाल ने दलीलें पेश कीं।याचिकाकर्ताओं की ओर से वरीय अधिवक्ता अजित कुमार, अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा, शेखर प्रसाद, चंचल जैन, अमृतांश वत्स सहित अन्य अधिवक्ताओं ने अपना पक्ष रखा।
12 अगस्त की सुनवाई पर टिकी निगाहें
अब इस मामले में सभी पक्षों की निगाहें 12 अगस्त को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं। खंडपीठ द्वारा सभी एलपीए को एक साथ सुनने का निर्णय शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े विवाद के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












