घर पर जमाएं बाजार जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही…बस अपनाएं ये आसान देसी तरीके
Make thick and creamy, market-style yogurt at home—simply follow these easy traditional methods.

गर्मियों का मौसम आते ही दही हर घर की जरूरत बन जाता है। कभी रायता, कभी लस्सी तो कभी दही-चावल, हर चीज का स्वाद दही से दोगुना हो जाता है। लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर दही जमाने के बाद वह पतला रह जाता है और उसमें बाजार जैसा गाढ़ापन नहीं आता।अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान देसी टिप्स अपनाकर आप घर पर ही बेहद गाढ़ा, मलाईदार और स्वादिष्ट दही जमा सकते हैं।
गाढ़े दही का पहला राज, सही दूध का चुनाव
अगर आप चाहते हैं कि दही मोटा और क्रीमी बने, तो सबसे पहले सही दूध चुनना जरूरी है। टोंड या डबल टोंड दूध से अक्सर दही पतला बनता है।बेहतर परिणाम के लिए फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें। ताजा दूध का उपयोग करने से दही का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर बनते हैं।
दूध को अच्छी तरह उबालना क्यों जरूरी है?
दही जमाने से पहले दूध को अच्छी तरह उबालना बेहद जरूरी माना जाता है। दूध को कम से कम 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।इससे दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाता है और बाद में दही ज्यादा मलाईदार जमता है। उबालने के बाद दूध को हल्का ठंडा होने दें।ध्यान रखें कि दूध न ज्यादा गर्म हो और न बिल्कुल ठंडा।
सही तापमान ही बनाता है परफेक्ट दही
दही जमाने में तापमान सबसे अहम भूमिका निभाता है।अगर दूध बहुत ज्यादा गर्म होगा तो दही जल्दी खट्टा हो जाएगा। वहीं दूध ठंडा हुआ तो दही ठीक से जमेगा ही नहीं।दूध इतना गर्म होना चाहिए कि उंगली डालने पर हल्की गर्माहट मसूस हो। यही सही तापमान माना जाता है।
ये देसी तरीका दही को बना देगा सुपर गाढ़ा
अगर आप चाहते हैं कि दही बिल्कुल बाजार जैसा जमे, तो मिट्टी या चीनी मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल करें।मिट्टी का बर्तन अतिरिक्त पानी सोख लेता है, जिससे दही अपने आप ज्यादा गाढ़ा और मलाईदार बनता है।दही जमाने के बाद बर्तन को ढककर किसी गर्म जगह पर रखें। गर्मियों में दही जल्दी और बेहतर तरीके से जमता है।
जामन ज्यादा डालना पड़ सकता है भारी
दही जमाने के लिए इस्तेमाल होने वाला पुराना दही यानी जामन बेहद महत्वपूर्ण होता है।एक लीटर दूध में 1 से 2 चम्मच ताजा दही पर्याप्त होता है। जरूरत से ज्यादा जामन डालने पर दही जल्दी खट्टा हो सकता है।जामन डालने के बाद दूध को हल्के हाथ से मिलाएं।
दही जमने के बाद तुरंत करें ये काम
जब दही पूरी तरह जम जाए, तो उसे तुरंत फ्रिज में रख दें।इससे दही ज्यादा खट्टा नहीं होगा और उसका गाढ़ापन भी लंबे समय तक बना रहेगा। बाहर ज्यादा देर रखने से दही में पानी अलग होने लगता है।
इन छोटी बातों का रखें खास ध्यान
- दही जमाते समय बर्तन को बार-बार न हिलाएं
- स्टील की बजाय मिट्टी या कांच का बर्तन बेहतर रहता है
- गर्मियों में दही 5 से 7 घंटे में आसानी से जम जाता है
- ज्यादा खट्टा जामन इस्तेमाल करने से स्वाद खराब हो सकता है
घर का दही क्यों माना जाता है ज्यादा फायदेमंद?
घर का दही पूरी तरह ताजा और शुद्ध होता है। इसमें किसी तरह के प्रिजर्वेटिव नहीं होते।गर्मियों में नियमित दही खाने से शरीर को ठंडक मिलती है, पाचन बेहतर रहता है और पेट भी स्वस्थ बना रहता है।अब अगली बार जब आप घर पर दही जमाएं, तो इन आसान टिप्स को जरूर अपनाएं। आपका दही इतना गाढ़ा और मलाईदार बनेगा कि बाजार का दही भी फीका लगने लगेगा।












