Night Urination: क्या आप भी रात में बार-बार पेशाब के लिए उठते हैं? यह सिर्फ आदत नहीं, इन गंभीर बीमारियों का हो सकता है संकेत

क्या आप रात में बार-बार पेशाब के लिए उठते हैं? जानिए Night Urination (Nocturia) के कारण, लक्षण, डायबिटीज, प्रोस्टेट, UTI, स्लीप एप्निया और कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

Night Urination: रात में अधिकांश लोग पेशाब करने के लिए उठते हैं। मेडिकल के टर्म में रात में एक बार पेशाब के लिए उठना कई लोगों के लिए सामान्य है, खासकर उम्र बढ़ने के साथ। लेकिन अगर आपको रात में दो या उससे अधिक बार पेशाब के लिए उठना पड़ता है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को नोक्चुरिया (Nocturia) कहा जाता है।

चिकित्सकों के मुताबिक के अनुसार, यह केवल अधिक पानी पीने की वजह से नहीं होता, बल्कि कई बार डायबिटीज, प्रोस्टेट, किडनी, हृदय या नींद से जुड़ी गंभीर बीमारियों का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। ऐसे में समय रहते कारण की पहचान और इलाज बेहद जरूरी है।

क्या है नोक्चुरिया (Nocturia)?

यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुशांत अग्रवाल के अनुसार, रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना उम्र का सामान्य असर मान लेना सही नहीं है। यदि यह समस्या लगातार बनी हुई है या बढ़ रही है, तो इसके पीछे किसी बीमारी की संभावना हो सकती है।

किन बीमारियों का संकेत हो सकता है बार-बार पेशाब आना?

1. डायबिटीज (मधुमेह)
अगर रात में बार-बार पेशाब आने के साथ—
• बहुत ज्यादा प्यास लगती है,
• बार-बार भूख लगती है,
• वजन तेजी से घट रहा है,
• थकान बनी रहती है,
• धुंधला दिखाई देता है,
तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है। ऐसे में ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए।

2. शरीर में फ्लूइड बैलेंस की गड़बड़ी
हर बार समस्या मूत्राशय (ब्लैडर) की नहीं होती। जिन लोगों के पैरों में दिनभर सूजन रहती है, उनके लेटने के बाद शरीर में जमा तरल पदार्थ (फ्लूइड) दोबारा रक्त प्रवाह में लौटता है, जिससे रात में अधिक पेशाब बन सकता है। यह हृदय या किडनी संबंधी समस्या का संकेत भी हो सकता है।

3. स्लीप एप्निया (Sleep Apnea)
यदि आपको—
• तेज खर्राटे आते हैं,
• नींद में सांस रुकती है,
• सुबह सिरदर्द रहता है,
• दिनभर नींद आती रहती है,
तो बार-बार पेशाब का कारण स्लीप एप्निया भी हो सकता है। ऐसे मामलों में केवल ब्लैडर का इलाज पर्याप्त नहीं होता।

4. पुरुषों में बढ़ा हुआ प्रोस्टेट

40–50 वर्ष की उम्र के बाद पुरुषों में प्रोस्टेट ग्रंथि का बढ़ना एक सामान्य कारण बन सकता है। इसके लक्षण हैं—
• बार-बार पेशाब लगना,
• पेशाब शुरू होने में समय लगना,
• रात में कई बार उठना,
• पेशाब का कमजोर प्रवाह।
इन लक्षणों को उम्र का असर समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

5. महिलाओं में यूटीआई और हार्मोनल बदलाव

महिलाओं में यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) या मेनोपॉज के बाद होने वाले हार्मोनल बदलाव भी रात में बार-बार पेशाब आने की वजह बन सकते हैं।
अगर पेशाब के साथ—
• जलन,
• दर्द,
• दुर्गंध,
• बार-बार पेशाब की इच्छा
हो रही है, तो तुरंत जांच करानी चाहिए।

कब डॉक्टर से जरूर मिलें?

रात में बार-बार पेशाब आना इन स्थितियों में गंभीर माना जाता है—
• समस्या अचानक शुरू हुई हो।
• हर दिन बढ़ती जा रही हो।
• नींद बार-बार टूट रही हो।
• पेशाब में खून दिखाई दे।
• पेशाब करते समय दर्द या जलन हो।
• बुखार हो।
• पैरों में सूजन रहती हो।
• सांस फूलती हो।
• अत्यधिक प्यास लगती हो।
• बिना कारण वजन कम हो रहा हो।

इन लक्षणों के साथ नोक्चुरिया होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

समस्या से बचने के लिए क्या करें?
• सोने से 2–3 घंटे पहले बहुत अधिक पानी या अन्य तरल पदार्थ पीने से बचें।
• रात में चाय, कॉफी और शराब का सेवन सीमित रखें।
• डायबिटीज और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखें।
• नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।
• डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा बंद या शुरू न करें।

रात में बार-बार पेशाब आना केवल एक छोटी सी परेशानी नहीं, बल्कि कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती संकेत हो सकता है। अगर यह समस्या लगातार बनी हुई है या इसके साथ अन्य लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं, तो स्वयं इलाज करने के बजाय विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच और परामर्श लेना सबसे बेहतर कदम है।

नोट: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के उद्देश्य से है। किसी भी लक्षण या बीमारी की स्थिति में योग्य चिकित्सक से व्यक्तिगत सलाह अवश्य लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close