CM हेमंत, विधानसभा अध्यक्ष व मंत्री-नेता के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो यूट्यूब पर किया अपलोड, झामुमो ने करायी थाने में FIR, जांच शुरू

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो सहित मंत्रियों व नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने के मामले में यूट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रांची के अरगोड़ा थाने में यूट्यूबर के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो के मामले में मामला दर्ज किया गया है। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने थाने में जाकर इसकी शिकायत की।
अपलोड वीडियो में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री मिथिलेश ठाकुर, स्पीकर रबींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री की भाभी सीता सोरेन, मुख्यमंत्री की बहन अंजली सोरेन, पूर्व विधायक योगेंद्र महतो, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू सहित कई लोगों का नाम लेकर आपत्तिजनक बातें कही जा रही है। इस वीडियो को यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है।
इधर अरगोड़ा थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। इधर मामले वीडियो की भी जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद मनोज पांडे ने मीडिया के माध्यम से आरोपी को चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि राज्य के अमन और शांति के माहौल को बिगाड़ने वाले लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं की धैर्य की परीक्षा ना लें। ये वीडियो दुर्भावना से प्रेरित है, जिसके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। इंटरव्यू में आपत्तिजनक और गाली गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल हुआ है, उसकी भी जांच पुलिस करे और ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गयी है।











