दिल्ली लौटते ही एक्शन में PM मोदी! आज होगी सबसे बड़ी बैठक… क्या कई मंत्रियों पर गिरने वाली है गाज?
दो साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे मंत्री, मोदी कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाएं तेज; 2-3 मंत्रियों के प्रदर्शन पर सवाल

नई दिल्ली। Narendra Modi की पांच देशों की विदेश यात्रा से वापसी के साथ ही दिल्ली का सियासी पारा चढ़ गया है। प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर तक राजधानी पहुंचेंगे और लौटते ही सीधे एक्शन मोड में नजर आएंगे। मोदी सरकार 3.0 के दो साल पूरे होने पर गुरुवार शाम प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की अहम बैठक होने जा रही है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।
करीब एक साल बाद हो रही इस बड़ी बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। बैठक में सभी मंत्रियों को अपने-अपने मंत्रालयों का दो साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करना होगा। इसी बीच केंद्र सरकार में बड़े फेरबदल की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी कुछ मंत्रियों के कामकाज से संतुष्ट नहीं बताए जा रहे हैं। अंदरखाने चर्चा है कि 2 से 3 मंत्रियों के प्रदर्शन पर सवाल खड़े हुए हैं, जिसके चलते जून के दूसरे सप्ताह में मोदी मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल संभव माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शाम 4 बजे नई दिल्ली स्थित ‘सेवा तीर्थ’ में होने वाली इस बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज, सरकार के बड़े फैसलों, उनके परिणामों और आने वाले समय की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। पश्चिम एशिया संकट और बढ़ती वैश्विक चुनौतियों के बीच होने वाली यह बैठक कई मायनों में बेहद अहम मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि बैठक में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और लॉजिस्टिक्स जैसे अहम विभागों की समीक्षा की जा सकती है। साथ ही सरकार की जनहित योजनाओं को और प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी मंथन होगा।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रधानमंत्री मोदी आगामी महीनों में सरकार की कार्यशैली को और तेज करने के मूड में हैं। ऐसे में कमजोर प्रदर्शन वाले मंत्रियों की छुट्टी और कुछ नए चेहरों की एंट्री की संभावना भी जताई जा रही है।
गौरतलब है कि मोदी सरकार 3.0 ने 10 जून 2024 को शपथ ली थी। अब सरकार के दो साल पूरे होने के करीब आते ही संभावित कैबिनेट विस्तार और फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।












