झारखंड पुलिस में हड़कंप : ADG प्रिया दुबे के विरोध में 212 महिला पुलिसकर्मियों का थाना पोस्टिंग फंसा
Jharkhand Police in turmoil: Station postings of 212 women police personnel stalled in protest against ADG Priya Dubey

रांची। झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा 25 सितंबर को जारी किए गए आदेश ने राज्य में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। इस आदेश के तहत झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) और स्पेशल इंडियन रिजर्व बटालियन (एसआईआरबी) की कुल 212 महिला पुलिसकर्मियों को विभिन्न जिलों के थानों में मुंशी के पद पर तैनात किया गया।
हालांकि, जैप की एडीजी प्रिया दुबे ने इस आदेश का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इसे नियम विरुद्ध बताया और तुरंत रद्द करने की मांग की। एडीजी प्रिया दुबे का कहना है कि पदस्थापन से पहले न उनकी सहमति ली गई, न ही गठित बोर्ड को जानकारी दी गई, जबकि पूर्व की परिपाटी के अनुसार थानों में मुंशी की प्रतिनियुक्ति का अधिकार केवल संबंधित एसपी का होता है, पुलिस मुख्यालय का नहीं।
एडीजी ने अपने पत्र में लिखा कि 28 जनवरी 2025 को जिलों में स्थानांतरण के लिए एक बोर्ड गठित किया गया था, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के इस आदेश में उस बोर्ड की मंजूरी नहीं ली गई। उन्होंने यह भी कहा कि किसी पूर्व डीजीपी ने इस तरह का आदेश जारी नहीं किया था।
इससे पहले भी 23 जुलाई 2024 और 3 जनवरी 2025 को तत्कालीन सीआईडी डीजी ने 89 महिला सिपाहियों की प्रतिनियुक्ति महिला थानों में की थी, लेकिन इस बार पुलिस मुख्यालय ने अनुमति और अधिकार क्षेत्र को दरकिनार कर दिया।
एडीजी प्रिया दुबे ने डीआईजी कार्मिक को भी पत्र लिखकर इस मामले से अवगत कराया। फिलहाल, 212 महिला पुलिसकर्मियों के थानों में पदस्थापन का मामला अटका हुआ है और अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।












