रघुबर दास ने दिया भाजपा से इस्तीफा, कहा- ‘ये मेरे लिए बहुत ही भावुक पल’, 31 को लेंगे राज्यपाल पद की शपथ

रांची। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास 31 अक्टूबर को ओडिशा के 26वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। मुख्य न्यायाधीश भुवनेश्वर स्थित राजभवन में रघुवर दास को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। इससे पहले गुरुवार को राज्यपाल बने रघुबर दास ने भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद रघुबर दास ने ट्वीट कर भाजपा के साथ गुजारे पल को याद किया है।

उन्होंने लिखा है..
आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपा। यह मेरे लिए काफी भावुक पल रहा। भारतीय जनता पार्टी के गठन के समय से ही पार्टी का जमीनी कार्यकर्ता रहा हूं। एक मजदूर को पार्टी ने बूथ कार्यकर्ता से मंडल अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष तक तथा मंत्री से मुख्यमंत्री तक की जिम्मेदारी दी। आज इस्तीफा देते समय पुरानी यादें ताजा हो गई। मैंने पूरी ईमानदारी से जमशेदपुर और झारखंड की जनता की सेवा की है। अब महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी के आशीर्वाद से ओड़िशा के लोगों की सेवा करूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यपाल का जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी ईमानदारी और तन्मयता से निभाने का प्रयास करूंगा। आज संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी शिष्टाचार मुलाकात की।

आपको बता दें कि रघुवर दास 30 अक्टूबर को जमशेदपुर के सोनारी हवाई अड्डा से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार ओडिशा सरकार का चार्टर प्लेन उन्हें लेने के लिए सोनारी हवाई अड्डा पहुंचेगा। ओडिशा पहुंच कर वे सबसे पहले भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जायेंगे। इसके बाद भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर जायेंगे। बुधवार की शाम वे रांची के लिए रवाना हो गये, जहां वे पार्टी कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों व अपने आवास पर झारखंड के पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

Related Articles

close