झारखंड सरकार से समर्थन वापस लें राहुल गांधी! बीजेपी नेता की इस मांग से गरमाई सियासत

रांची: झारखंड में छात्रों के खिलाफ पुलिस के बल प्रयोग को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्य विपक्षी दल बीजेपी ने अब कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लिया है। झारखंड बीजेपी के चीफ आदित्य साहू ने राहुल गांधी से झारखंड सरकार से समर्थन वापस लेने की मांग कर दी है।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड सरकार में कांग्रेस सहयोगी है और राहुल गांधी को इस मुद्दे पर अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सुविधा की राजनीति करते हैं।
‘सरकार से बात करें राहुल गांधी’
बीजेपी नेता आदित्य साहू ने कहा कि राहुल गांधी को झारखंड सरकार से बातचीत करनी चाहिए और छात्रों की ओर से उठाई जा रही सीबीआई जांच की मांग को स्वीकार कराने की कोशिश करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर झारखंड सरकार छात्रों की मांग पर सीबीआई जांच के लिए तैयार नहीं होती है, तो राहुल गांधी को सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।
छात्रों के मुद्दे पर बीजेपी का सरकार पर हमला
रांची में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बल प्रयोग का मुद्दा लगातार राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। बीजेपी इस मामले को लेकर झारखंड सरकार पर हमलावर है और छात्रों की मांगों को लेकर सरकार से जवाब मांग रही है।
इसी बीच आदित्य साहू के बयान ने कांग्रेस और झारखंड सरकार के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से इस मांग पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।












