रिम्स डायरेक्टर का इस्तीफा: CID जांच से नाराज रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार ने दिया इस्तीफा, सरकार ने किया मंजूर, अब इन्हें दी गयी जिम्मेदारी
RIMS Director's Resignation: RIMS Director Dr. Rajkumar resigned, upset over the CID probe; the government has accepted the resignation, and the responsibility has now been handed over to this person.

रांची। झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम हुआ। नाराज चल रहे रिम्स के निदेशक डॉ. राजकुमार ने अपना इस्तीफा दे दिया। डॉ राजकुमार स्वास्थ्य मंत्री एवं रिम्स शासी परिषद के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी से दोपहर में मिले और फिर अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिसे कुछ ही घंटों में मंजूरी भी मिल गई। इसके साथ ही रिम्स के एकेडमिक डीन एवं सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. डीके (दीपेन्द्र कुमार) सिन्हा को अगले आदेश तक निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया।

CID की पूछताछ के बाद लिया इस्तीफा देने का फैसला
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब एक दिन पहले ही CID की दो टीमों ने RIMS पहुंचकर कई घंटों तक अधिकारियों से पूछताछ की थी।इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. राजकुमार ने कहा कि उनके कार्यकाल में पहली बार ऐसा हुआ कि बिना पूर्व अनुमति के CID अधिकारी उनके कार्यालय पहुंचे और कई घंटों तक उनसे पूछताछ करते रहे।उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से वह आहत हैं और संस्थान में कई लोग उनके खिलाफ माहौल बना रहे थे। इसी वजह से उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया। डॉ. राजकुमार ने यह भी बताया कि उनके पुत्र ऋषभ कुमार ने भी रिम्स छोड़ दिया है।
दो संवेदनशील मामलों की जांच कर रही है CID
बुधवार को CID की दो अलग-अलग जांच टीमों ने रिम्स पहुंचकर दस्तावेजों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की गहन पड़ताल की थी।
जांच के प्रमुख बिंदु:
• फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल कोर्स में दाखिले का मामला
• सफाई व्यवस्था से जुड़े करोड़ों रुपये के टेंडर में कथित अनियमितताएं
• प्रशासनिक निर्णयों और फाइलों की जांच
• निदेशक, डीन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट समेत कई अधिकारियों से पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी खंगाले गए हैं।
पहले भी विवादों में रहे थे डॉ. राजकुमार
डॉ. राजकुमार इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा उन्हें बिना नोटिस पद से हटाए जाने के फैसले को उन्होंने अदालत में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद वह फिर से पद पर बने रहे थे।अब CID जांच के बीच उनका इस्तीफा नए सवाल खड़े कर रहा है।
डॉ. डीके सिन्हा को मिला जिम्मा
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सर्जरी विभाग के प्राध्यापक एवं एकेडमिक डीन डॉ. दीपेन्द्र कुमार सिन्हा को कार्यकारी व्यवस्था के तहत तत्काल प्रभाव से रिम्स निदेशक का प्रभार सौंपा गया है। इस प्रस्ताव को रिम्स शासी परिषद के अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मंजूरी प्राप्त है।









