rime News: शादी के पांच महीने बाद नवविवाहिता की मौत, दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
Crime News: Newlywed woman dies five months after marriage; husband arrested on charges of dowry murder.

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। हल्दी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
पुलिस के मुताबिक हल्दी थाना क्षेत्र के कठही गांव में रविवार दोपहर 23 वर्षीय डाली का शव उसके ससुराल के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि डाली की शादी करीब पांच महीने पहले ही हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
मृतका के परिवार का कहना है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि इसी को लेकर डाली को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।
परिजनों ने आशंका जताई है कि दहेज विवाद के कारण ही उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
आठ लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
मृतका के दादा लालजी यादव की शिकायत पर पुलिस ने पति सत्येंद्र यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में सास सुशीला देवी, ससुर सुग्रीव यादव, जेठ पिंटू यादव और पप्पू यादव के साथ ननद रिंकू यादव का नाम भी शामिल है।
पति गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी पति सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।












