आजादी के जश्न में शहबाज शरीफ का ‘वार’ वाला बयान! भारत को दी खुली धमकी, कहा- चुनौती मिली तो जवाब और भी ताकतवर होगा

Pakistan Independence Day: पाकिस्तान आज 14 अगस्त को अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इसी मौके पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश को संबोधित करते हुए भारत को लेकर बेहद कड़ा बयान दिया। अपने भाषण में उन्होंने सिंधु जल संधि, कश्मीर और पाकिस्तान की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर भविष्य में पाकिस्तान की संप्रभुता या सुरक्षा को चुनौती दी गई तो उसका जवाब मई 2025 से भी ज्यादा ताकत के साथ दिया जाएगा।
शहबाज शरीफ का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत-पाकिस्तान संबंध पहले से ही तनावपूर्ण बने हुए हैं।
‘पानी की एक-एक बूंद हमारी रेड लाइन’
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सिंधु जल समझौते को लेकर भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के हिस्से के पानी पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी की एक-एक बूंद पाकिस्तान की ‘रेड लाइन’ है।
शरीफ ने दावा किया कि अगर पाकिस्तान के पानी को रोकने या कम करने की कोशिश की गई तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान शांति, सम्मान और गरिमा के साथ खड़ा है, लेकिन इसे उसकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।
मई 2025 का जिक्र कर दी और बड़ी चेतावनी
अपने संबोधन में शहबाज शरीफ ने मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में किसी ने पाकिस्तान की संप्रभुता और सुरक्षा को चुनौती दी तो पाकिस्तान मई 2025 से भी ज्यादा ताकत के साथ जवाब देगा।
शरीफ ने कश्मीर को लेकर भी पाकिस्तान के पुराने रुख को दोहराते हुए कहा कि इस मुद्दे पर उनके देश की स्थिति नहीं बदलेगी।
ट्रंप को दिया सीजफायर का श्रेय
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच समय पर सीजफायर कराने में ट्रंप की प्रभावी और ऐतिहासिक भूमिका रही, जिससे लाखों लोगों की जान बची।
हालांकि, भारत अमेरिकी मध्यस्थता के दावे को स्वीकार नहीं करता रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से बढ़ा तनाव
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने अप्रैल 2025 में सिंधु जल संधि को होल्ड पर रखने का फैसला किया था। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया।
मई 2025 में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए सैन्य कार्रवाई की थी। अब पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर शहबाज शरीफ का यह बयान दोनों देशों के बीच जारी तनाव को एक बार फिर सुर्खियों में ले आया है।












