Shravani Mela 2026: ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ शुरू हुआ देवघर का श्रावणी मेला, 55 लाख श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार बाबा नगरी
श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ! इस बार 55 लाख कांवरियों के आने का अनुमान, देवघर में गूंजा 'बोल बम'

देवघर: झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया। झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित दुम्मा प्रवेश द्वार पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के बीच फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।
इस वर्ष प्रशासन को 55 लाख से अधिक कांवरियों के बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने की उम्मीद है, जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
55 लाख श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और आस्था का महापर्व है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 53 लाख कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ के दर्शन किए थे, जबकि इस बार यह संख्या 55 लाख के पार पहुंचने की संभावना है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में देवघर और बासुकीनाथ में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मेले की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री कर रहे हैं।
कांवरिया पथ को मिलेगा नया स्वरूप
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर वर्ष श्रावणी मेले को और अधिक सुरक्षित, स्वच्छ तथा श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का उपयोग न करने और पूजा-पाठ में दोना, पत्तल और मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल करने की अपील की।
साथ ही उन्होंने घोषणा की कि कांवरिया पथ पर बालू के बहाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सड़क किनारे पक्की दीवार और पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा। शेष कार्य अगले वर्ष प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।
भव्य उद्घाटन समारोह में जुटे जनप्रतिनिधि
दुम्मा में आयोजित उद्घाटन समारोह में कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी और देवघर नगर निगम के मेयर रवि राउत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
वहीं प्रशासन की ओर से उपायुक्त सौरभ भुवानिया, एसपी प्रवीण कुमार पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, एसडीओ रवि कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।












