जमशेदपुर में युवक की संदिग्ध मौत! फांसी लगाने से पहले क्या हुआ था? परिजनों ने प्रेमिका पर लगाए गंभीर आरोप
सोनारी के खूंटाडीह निवासी युवक ने कमरे में फांसी लगाकर की आत्महत्या। परिजनों का आरोप- शादी का दबाव और ब्लैकमेलिंग से था परेशान, पुलिस मोबाइल रिकॉर्डिंग समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी।

जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह (बड़तल्ला) में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजय कुमार यादव के रूप में हुई है, जो गम्हरिया स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
कमरे में फंदे से लटका मिला युवक
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम अजय कुमार यादव ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले गए। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के मामा रिंकू यादव और अन्य परिजनों ने कदमा निवासी एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि युवती अजय पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ ब्लैकमेल भी कर रही थी।
परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव से परेशान होकर अजय ने यह कदम उठाया।
मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग होने का दावा
परिजनों ने यह भी दावा किया है कि अजय के मोबाइल फोन में संबंधित युवती की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिससे मामले के कई पहलुओं का खुलासा हो सकता है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों और आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।












