शिक्षक का स्कूली बच्चों संग अश्लील भोजपुरी गाने पर डांस हुआ वायरल, परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा, शिक्षक को नोटिस हुआ जारी

साहिबगंज। अश्लील भोजपुरी गाने पर छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक के डांस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। घटना उत्क्रमित उच्च विद्यालय जामनगर की है।इधर वायरल वीडियो के बाद स्कूल में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं एसडीओ ने डीईओ डॉ. दुर्गानंद झा को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
पूरा मामला स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का है। जहां स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर फूहड़ता की गयी। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने अश्लील भोजपुरी गाने पर डांस किया। डांस का वीडियो किसी ने रिकार्ड कर लिया और फिर उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की जानकारी जब परिजनों को हुई, तो वे स्कूल पहुंचे और फिर शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की।
घटना को लेकर विभाग ने संज्ञान लिया है। डीईओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिक्षकों के जवाब आने के बाद कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल फूहड़ गाने पर स्कूली बच्चों के साथ शिक्षक के डांस पर परिजन काफी नाराज हैं।











