बेवफा आशिक ने तोड़ा दिल : प्रेमी के घर के बाहर 60 घंटे से प्रेमिका का धरना…कंपकंपाती ठंड पर भारी है ये इश्क की जिद

धनबाद: जहां हम सभी इस कंपकपांती ठंड में अपने अपने घरों में हैं. वहीं दूसरी ओर एक प्रेमिका अपने प्रेमी को पाने के लिए इस कड़ाके की ठंड में उसके घर के दरवाजे पर दो दिनों से बैठी हुई है. कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे युवती अपने प्रेमी का इंतजार कर रही है। सूचना पाकर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार महतो युवती से मिले और उसको खाना खिलाया। प्रेमी उत्तम महतो महेशपुर गांव का है। प्रेमिका मंगलवार से ही अपने प्रेमी के घर के दरवाजे पर बैठी हुई हैं और वहां से हटने को तैयार ही नहीं है। वह बस अपने प्रेमी को हासिल करना चाहती है. यहां प्यार ठंड पर भारी पड़ रहा है।
मामला राजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव की है, जहां ईस्ट बसुरिया के धारजोरी की रहने वाली युवती जब धनबाद के एक कॉलेज में चार साल पहले पढ़ने जाती थी. तब उसकी दोस्ती राजगंज के महेशपुर के रहने वाले उत्तम से हो गई. दोस्ती से यह मामला प्रेम प्रसंग में बदल गया, जो लगभग 4 वर्षों से चल रहा था. इस प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों के परिजनों को भी थी। युवक कई जगह युवती को घुमाने ले जा चूका है और कई स्वजनों के यहां भी लेकर जाता रहा है।
युवती ने बताया कि उसके घर भी युवक का आना-जाना था। दोनों स्वजातीय हैं और दोनों के परिवार वालों को भी इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है। युवती के स्वजन ने महेशपुर गांव आकर प्रेमी के घरवालों से शादी की बात भी की। 10 दिन बाद दोनों की शादी करने की बात तय की गई। तय समय के बाद जब युवती के घर वालों ने शादी के संबंध में बात की तो युवक विवाह से मुकर गया और अब गायब है। तब युवती अपनी दादी के साथ मंगलवार को अपने प्रेमी के घर आ पहुंची और उसके परिजनों से कहा कि मेरी शादी उत्तम से कराओ, लेकिन उत्तम के घरवालों ने उसे घर के अंदर जाने नहीं दिया, जिसके बाद युवती उत्तम के घर दरवाजे पर बैठ गई। प्रेमिका का कहना है कि जब तक उससे प्रेमी नहीं मिलेगा, तब तक वो यहां से नहीं जायेगी।











