UPI ट्रांजेक्शन ने खोल दी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, पानी की बोतल खरीदने की एक गलती से पकड़ाया प्रेमी

जमशेदपुर में हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस में घायल मिली महिला की हत्या की गुत्थी UPI ट्रांजेक्शन से सुलझी। शादी का दबाव बनने पर BCA छात्र प्रेमी ने हत्या की साजिश रची।

जमशेदपुर। 27 साल की प्रेमिका…20 साल का प्रेमी, बार-बार शादी के लिए दवाब बनाने से नाराज प्रेमी ने ट्रेन में ही उसकी हत्या कर दी और फिर फरार हो गया। ट्रेन में घायल मिली तलाकशुदा महिला की मौत के मामले में अब रेल पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए मृतका के 20 वर्षीय प्रेमी कुमार ऋषभ को गिरफ्तार किया है। आरोपी रांची के मारवाड़ी कॉलेज का बीसीए (BCA) छात्र है। पुलिस के अनुसार, शादी का दबाव बनने पर उसने अपनी प्रेमिका की हत्या की साजिश रची, लेकिन एक UPI ट्रांजेक्शन उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा सबूत बन गया।

पानी की बोतल खरीदना पड़ा भारी

जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम ने रांची से टाटानगर तक रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में महिला एक युवक के साथ स्टेशन में प्रवेश करती दिखाई दी।इसी दौरान संदिग्ध युवक ट्रेन में चढ़ने से पहले स्टेशन के एक स्टॉल से UPI के जरिए पानी की बोतल खरीदता हुआ कैमरे में कैद हो गया।
पुलिस ने वेंडर से डिजिटल पेमेंट का रिकॉर्ड हासिल किया और साइबर टीम की मदद से ट्रांजेक्शन की जांच शुरू की। UPI भुगतान से मिले मोबाइल नंबर, बैंक रिकॉर्ड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन ने आखिरकार आरोपी तक पुलिस को पहुंचा दिया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

10 दिन तक जिंदगी से लड़ती रही महिला

मामला 6 जून का है, जब हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस में एक महिला गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में मिली थी। उसके कान से खून बह रहा था और शरीर पर मारपीट के निशान थे। जीआरपी ने महिला को तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब 10 दिनों तक इलाज चलने के बाद 15 जून को उसकी मौत हो गई। महिला बयान देने की स्थिति में नहीं थी और शुरुआत में उसकी पहचान भी नहीं हो सकी थी, जिससे मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया।

शादी के दबाव से परेशान था आरोपी

जांच में मृतका की पहचान रांची के बरियातू क्षेत्र की 27 वर्षीय तलाकशुदा महिला के रूप में हुई। वहीं आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र निवासी कुमार ऋषभ (20) के रूप में हुई, जो रांची के मारवाड़ी कॉलेज में बीसीए का छात्र है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। जब महिला ने उससे शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

चार्जर के तार से गला घोंटने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को बहाने से हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस में लेकर गया। ट्रेन जब टाटानगर स्टेशन के पास पहुंची तो दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ।आरोप है कि इसके बाद युवक ने मोबाइल चार्जर के तार से महिला का गला घोंटने का प्रयास किया। उसे मृत समझकर आरोपी महिला को ट्रेन में ही छोड़कर फरार हो गया।

तकनीकी जांच बनी सबसे बड़ा हथियार

पुलिस ने बताया कि डिजिटल पेमेंट, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, टावर लोकेशन, बैंक खाते और केवाईसी दस्तावेजों की मदद से आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। बाद में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया।रेल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close