झारखंड में मौसम का हाल: शीतलहरी की चेतावनी मौसम विभाग ने की जारी, कनकनी और सर्दी का सितम रहेगा जारी, दो दिन बाद पड़ेगा बादलों का डेरा

रांची। झारखंड में इन दिनों सर्दी चरम पर है। तापमान पिछले कुछ दिनों बहुत तेजी से गिरा है। अब मौसम विभाग ने शीतलहरी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। लेकिन न्यूनतम तापमान एक-दो डिग्री गिर सकता है। दो दिनों तक राज्य के पश्चिमी हिस्से में शीतलहर चल सकती है। इसके बाद 22 दिसंबर को तापमान चढ़ सकता है। सुबह में कोहरा रह सकता है।
मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश का अनुमान नहीं है। न्यूनतम तापमान 7 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ग्रामीण क्षेत्रों में तापमान शहरी क्षेत्रों से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 22 से लेकर 24 दिसंबर तक राज्यभर में आंशिक बादल छाये रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान न्यूनतम 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि मंगलवार और बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. राज्य के अधिकांश स्थानों पर पारा 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. आनंद ने कहा कि ये गिरावट उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हुई है.
ओडिशा में कोहरा और शीतलहर
वहीं, आईएमडी ने सोमवार को कहा कि पूरे ओडिशा में शीतलहर जारी है और राज्य के कई स्थानों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. आईएमडी ने कहा कि कंधमाल जिले में जी उदयगिरि और सुंदरगढ़ जिले में किरेई राज्य के सबसे ठंडे स्थान रहे, दोनों शहरों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.आईएमडी के पूर्वानुमान में कहा गया है कि कोरापुट, कालाहांडी, कंधमाल, बोलांगीर, बौध, अंगुल, ढेंकनाल, रायगडा, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, क्योंझर, मयूरभंज में एक या दो स्थानों पर मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक उथला से मध्यम कोहरा रहेगा.
हिमाचल में कड़ाके की ठंड
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रविवार को कड़ाके की शीतलहर की स्थिति बनी रही और शुष्क मौसम जारी रहने के बावजूद पारा मामूली रूप से गिर गया. कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान फ्रीजिंग प्वाइंट के आसपास रहा और कई स्थानों पर सामान्य से नीचे रहा.यहां स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 दिसंबर तक चार दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम और 22 और 23 दिसंबर को मध्य पहाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और ऊंची पहाड़ियों में बारिश या बर्फबारी की भविष्यवाणी की है. बता दें कि राज्य में 1 अक्टूबर से 17 दिसंबर तक सामान्य बारिश 51.6 मिमी के मुकाबले 45 मिमी बारिश हुई, जो 27 प्रतिशत कम है, जबकि दिसंबर महीने के दौरान बारिश की कमी 67 प्रतिशत रही.












