झारखंड में फिर बदलेगा मौसम…13-14 मई को लेकर बड़ा अलर्ट…घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर
Weather to Change Again in Jharkhand... Major Alert Issued for May 13–14... Read This News Before Stepping Out.
रांची। झारखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। मंगलवार को राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया और कई जगह नुकसान की स्थिति बन गई।
रांची में तेज हवा से पेड़ गिरे, यातायात बाधित
रांची में तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। इससे कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई। कुछ स्थानों पर पेड़ वाहनों पर भी गिरने की खबरें सामने आई हैं, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं हजारीबाग, बोकारो और जमशेदपुर में भी तेज आंधी के साथ बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग का येलो अलर्ट, कई जिलों में खराब मौसम का अंदेशा
मौसम विभाग ने 13 और 14 मई के लिए झारखंड के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग और कोडरमा को छोड़कर बाकी जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज चमक, वज्रपात और बारिश की संभावना है।
15 मई को ऑरेंज अलर्ट, आंधी का खतरा बढ़ेगा
15 मई को मौसम और अधिक गंभीर हो सकता है। मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, जामताड़ा, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
18 मई तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में 18 मई तक मौसम में उतार चढ़ाव जारी रह सकता है। 17 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। वहीं 18 मई को भी कुछ जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
पलामू में गर्मी का कहर, कई जिलों में तापमान में गिरावट
जहां एक ओर बारिश से कई जिलों में राहत मिली है, वहीं पलामू में गर्मी का प्रकोप जारी है। मेदिनीनगर में तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं बोकारो में बारिश के बाद तापमान घटकर 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य के अलग अलग हिस्सों में मौसम का यह उतार चढ़ाव लोगों के लिए चुनौती बना हुआ है।












