क्या ED की पूछताछ के पहले सुप्रीम कोर्ट में दायर होगी याचिका? सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज, सुरक्षा घेरे में 12.45 बजे ईडी पहुंचेगी CM हाउस

रांची। क्या हेमंत सोरेन गिरफ्तार होंगे?, क्या कल्पना सोरेन मुख्यमंत्री बनेगी? ईडी आज सीएम हाउस में कितने देर रूकेगी? गठबंधन दल के विधायक आज सीएम हाउस में क्या करेंगे? सवालों और संशय के बीच आज झारखंड की राजनीति का सबसे बड़ा दिन है। कुछ नहीं पता, क्या होने वाला है। ऊहापोह का सिलसिला जो सोमवार से शुरू हुआ है, वो आज देर रात के बाद भी खत्म होगा? इसकी गुंजाइश ना के बराबर है।
सुरक्षा घेरे में ईडी पहुंचेगी सीएम हाउस
दोपहर 1 बजे का वक्त ईडी को पूछताछ के लिए मिला है, लिहाजा दोपहर 12.45 तक ईडी की टीम मुख्यमंत्री निवास पहुंच जायेगी। ईडी को उसी तरह से सुरक्षा घेरा में लाया जायेगा, जिस तरह की 20 जनवरी को लाया गया था। इधर विधायक का सुबह 10 बजे से ही मुख्यमंत्री निवास पहुंचना शुरू हो जायेगा।
क्या सुप्रीम कोर्ट में चैलेंज करेंगे हेमंत
चर्चा ये भी है कि ईडी के पूछताछ के पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी जाये। हालांकि ये सिर्फ चर्चाओं में ही है, अभी तक इस मामले में कोई अधिकृत जानकारी नहीं मिली है। हालांकि ये चर्चा तो उस वक्त भी हुई थी, जब मुख्यमंत्री अचानक दिल्ली रवाना हुए थे। उस वक्त भी ये खबर थी कि मुख्यमंत्री कानूनी सलाह के लिए दिल्ली जा रहे हैं। लेकिन दिल्ली दौरे पर ईडी की इंट्री के बाद सारा फोकस दूसरी तरफ चला गया, जिसकी वजह से हेमंत सोरेन की गतिविधि पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी।
अब तक 14 हो चुके हैं गिरफ्तार
जमीन घोटाला प्रकरण में सीएम आवास में मुख्यमंत्री से ईडी की पूछताछ का यह दूसरा अवसर होगा। इससे पूर्व 20 जनवरी को ईडी ने करीब सात घंटे की पूछताछ की थी। इस दौरान ईडी के 7 अफसरों ने 7 घंटे तक पूछताछ की थी। झामुमो ने दावा किया था कि इस दौरान 17 से 18 सवाल पूछे गये थे। रांची में सेना के उपयोग वाली 4.55 एकड़ जमीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री मामले में बरियातू थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईसीआइआर दर्ज कर ईडी ने पूरे मामले की छानबीन कर सीएम तक पहुंची है। जमीन घोटाला के इस केस में ईडी ने अब तक रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, नेताओं व नौकरशाहों के करीबी प्रेम प्रकाश, राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद सहित 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।











