झारखंड: कार में गैस भरने के दौरान बड़ा हादसा, CNG पाइप ब्लास्ट, कर्मचारी की हुई मौत, मची भगदड़
Jharkhand: Major accident while refilling car with gas; CNG pipe explodes, employee killed, panic ensues.

जमशेदपुर। शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित कालीमाटी रोड पर हावड़ा ब्रिज के पास गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। आरके जैन भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर कार में गैस भरने के दौरान सीएनजी पाइप तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में पेट्रोल पंप कर्मी तुषार कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। गैस का तेज रिसाव शुरू होने के कारण वहां मौजूद लोग डर गए और कई लोग अपने वाहन छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे।
कार में CNG भरते समय हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, सोनारी निवासी तुषार कुमार गुरुवार रात ड्यूटी पर आया था। वह पेट्रोल पंप पर वाहनों में सीएनजी भरने का काम करता था। रात करीब 10 बजे वह एक कार में सीएनजी गैस भर रहा था।इसी दौरान अचानक सीएनजी पाइप तेज आवाज के साथ फट गया।
बताया जा रहा है कि पाइप का नोजल अलग होकर तुषार के सिर पर जा लगा। गंभीर चोट लगने के बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।घटना के बाद पंप पर मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उसे उठाया और इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल पहुंचाया। हालांकि उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
तेज गैस रिसाव से मचा हड़कंप
धमाके के बाद पेट्रोल पंप पर गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया। इसे देखकर कर्मचारियों और पेट्रोल, डीजल व सीएनजी भरवाने आए लोगों के बीच हड़कंप मच गया।अनहोनी की आशंका के चलते लोग अपने वाहन वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई।
गेल की तकनीकी टीम ने रोका गैस रिसाव
हादसे के बाद तत्काल गेल कंपनी को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव को पूरी तरह बंद किया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सका।सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था तुषार
तुषार कुमार की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, तुषार घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन टीएमएच अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों ने पेट्रोल पंप संचालक से मुआवजे की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सीएनजी पाइप फटने की इस घटना ने पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों को भी दहशत में डाल दिया। कुछ ही पलों में हुआ यह हादसा एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।












