28 कैदी होंगे रिहा : राज्य में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 28 कैदी की होगी रिहाई , हेमंत सरकार ने दी स्वीकृति

रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की 29वीं बैठक हुई. बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन सजा काट रहे 41 कैदियों की रिहाई से संबंधित समीक्षा की गई. बैठक में 28 कैदियों को रिहा करने पर सहमति बनी. समीक्षा के क्रम में अदालतों, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक और प्रोबेशन पदाधिकारी के मंतव्य पर गहन विचार-विमर्श के उपरान्त राज्य के विभिन्न जेलों में आजीवन सजा काट रहे 28 कैदियों को रिहा करने पर स्वीकृति दी गई.
रिहा होने वाले कैदियों का सामाजिक पुनर्वास सुनिश्चित करें- सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि जिन कैदियों की रिहाई सुनिश्चित की गई है, उनका सामाजिक पुनर्वास जरूरी है. संबंधित विभाग के अधिकारी एक बेहतर कार्य योजना बनाकर इन कैदियों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का काम करें. जेल से रिहा होने के बाद ऐसे कैदियों की गतिविधियों की निरंतर ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय-समय पर इन कैदियों की काउंसलिंग भी कराएं. कहा जेल से निकलने के बाद इन कैदियों के जीवन-यापन में सामाजिक रूप से कोई बाधा न पहुंचे तथा आर्थिक समस्या उत्पन्न न हो, इसलिए उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य भी किया जाए. बैठक में गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल समेत कई अधिकारी मौजूद थे.









