रांची में झुलसाती गर्मी पर लगेगा ब्रेक…अगले 5 दिनों तक छाए रहेंगे बादल…जानें आपके काम की पूरी जानकारी
A respite from the scorching heat in Ranchi... Clouds to persist for the next 5 days... Get all the essential details you need to know.

रांची। राजधानी रांची में बीते कुछ दिनों से तेज गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम ने अब करवट ले ली है और आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और गरज-चमक का सिलसिला देखने को मिल सकता है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में नरमी आने की संभावना जताई गई है।
16 मई तक ऐसा रहेगा मौसम, जानिए पूरा पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार 16 मई तक शहर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 11 से 14 मई के बीच हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद 15 और 16 मई को भी मौसम का यही रुख बना रहने का अनुमान है।
तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास होगा।
बारिश के साथ सतर्कता जरूरी, बिजली और तेज हवा का खतरा
मौसम का यह बदलाव जहां गर्मी से राहत देगा, वहीं कुछ चुनौतियां भी साथ ला सकता है। गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले दिनों आई आंधी और बारिश के कारण शहर की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी, ऐसे में दोबारा खराब मौसम होने पर बिजली आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।
किसानों के लिए मिला-जुला असर, आम लोगों को राहत
इस मौसम बदलाव का असर किसानों पर मिश्रित रूप में पड़ सकता है। जहां एक ओर तेज गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं अचानक बारिश और तेज हवा खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है।
दूसरी तरफ आम नागरिकों के लिए यह बदलाव सुकून देने वाला साबित होगा, खासकर उन लोगों के लिए जो दिनभर बाहर काम करते हैं।











