Instagram पर रील्स बनाते-बनाते हुआ प्यार…शादी के चंद घंटे बाद ही दूल्हा फरार…दूल्हे की इस हरकत से मचा हड़कंप
Love blossomed while making Instagram Reels... but just hours after the wedding, the groom fled... This act by the groom has caused an uproar.

कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्रेम विवाह तक पहुंची, लेकिन शादी के कुछ घंटे बाद ही पूरा मामला विवाद में बदल गया। दुल्हन ने पति और उसके परिजनों पर दहेज मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Instagram पर हुई दोस्ती, फिर शुरू हुआ प्रेम संबंध
जानकारी के मुताबिक सतगांवां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत स्थित पचौरी गांव निवासी काजल कुमारी की पहचान इटाय गांव के रहने वाले रोशन कुमार से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलने भी लगे थे। इसी बीच 21 मई की रात रोशन काजल से मिलने उसके गांव पहुंचा था।
ग्रामीणों ने पकड़कर मंदिर में कराई शादी
रात में दोनों को साथ देखकर गांव वालों को शक हुआ और देखते ही देखते मामला पूरे गांव में फैल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और गांव में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
बताया जा रहा है कि रोशन शुरुआत में शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन ग्रामीणों के दबाव के बाद गांव के मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी कराई गई।
शादी के कुछ घंटे बाद ही गायब हो गया दूल्हा
शादी के बाद नवविवाहित जोड़े को काजल के घर लाया गया, जहां परिवार वाले रस्में निभा रहे थे। इसी दौरान रोशन किसी बहाने से घर से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा।
काजल का आरोप है कि इसके कुछ समय बाद रोशन के परिवार के लोग कई अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए 10 लाख रुपये दहेज की मांग की। विरोध करने पर धमकी देकर सभी वहां से चले गए।
दो दिन इंतजार के बाद थाने पहुंची युवती
परिजनों ने पहले रोशन के लौटने का इंतजार किया, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद काजल कुमारी ने सतगांवां थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि युवती के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।












