रांची : सांसद विजय हांसदा बने दुल्हा, इंजीनियर सुप्रिया मुर्मू संग रचायी शादी, रिसेप्शन में पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राजनीतिक जगत सभी प्रमुख नेता हुए शामिल

Ranchi: MP Vijay Hansdak ties the knot with engineer Supriya Murmu; Chief Minister Hemant Soren attends the reception, joined by prominent leaders from the political sphere.

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के राजमहल लोकसभा क्षेत्र से सांसद विजय हांसदा ने बुधवार को रांची में सुप्रिया मुर्मू के साथ रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। राजधानी के बहु बाजार स्थित संत पॉल कैथेड्रल चर्च में आयोजित विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार, समर्थक और कई राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं।

चर्च में हुई शादी, आदिवासी परंपरा की भी दिखी झलक

विवाह समारोह में साहिबगंज और पाकुड़ से बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। शादी के बाद पारंपरिक आदिवासी नृत्य और उत्सव के साथ नवदंपति का स्वागत किया गया। समारोह में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह और जेएमएम विधायक मथुरा महतो सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रिसेप्शन में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

शादी के बाद रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रिसेप्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा—

“राजमहल लोकसभा से सांसद एवं झामुमो के युवा नेता विजय हांसदा एवं उनकी धर्मपत्नी सुप्रिया मुर्मू के विवाह उपरांत आयोजित रिसेप्शन समारोह में शामिल होकर नवदंपति को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। मरांग बुरु से प्रार्थना है कि आप दोनों का दाम्पत्य जीवन सुख, समृद्धि, प्रेम और मंगल से परिपूर्ण हो। हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। जोहार।”

शादी से पहले हुईं पारंपरिक रस्में

विवाह से एक दिन पहले बीएनआर होटल में हल्दी और मंडल जैसी पारंपरिक रस्में निभाई गईं। दोनों परिवारों के सदस्यों और करीबी लोगों ने इन रस्मों में भाग लेकर शादी की खुशियां साझा कीं।

 

इंजीनियर हैं सुप्रिया मुर्मू

सुप्रिया मुर्मू ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनका पैतृक गांव पाकुड़ जिले का कचआ है, जबकि उनका पालन-पोषण और शिक्षा हजारीबाग में हुई। उनके पिता भवेश मुर्मू बैंक अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

विजय हांसदा का दूसरा विवाह

यह विजय हांसदा का दूसरा विवाह है। उनकी पहली पत्नी का वर्ष 2025 में लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। अब उन्होंने सुप्रिया मुर्मू के साथ जीवन की नई शुरुआत की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close