रांची, धनबाद और देवघर के पासपोर्ट कार्यालय व डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी, एक ईमेल ने बढ़ाई टेंशन, कई शहरों में खाली कराए गए दफ्तर

 

रांची। झारखंड में बुधवार को एक धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। रांची, धनबाद और देवघर स्थित पासपोर्ट कार्यालयों तथा डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद तीनों शहरों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर भेजा गया और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को एक अज्ञात ईमेल मिला, जिसमें कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और तत्काल जांच अभियान शुरू कर दिया गया।

धनबाद में मुख्य डाकघर और उसी परिसर में स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को एहतियातन खाली करा लिया गया। वहीं देवघर में भी रांची से सूचना मिलने के बाद प्रधान डाकघर को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

तीनों स्थानों पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल धमकी को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और जांच पूरी होने तक संबंधित कार्यालयों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close