20 दिन की भूख हड़ताल के बाद बड़ा फैसला! सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल भेजने से हाई कोर्ट का इनकार

पत्नी गीतांजलि की याचिका खारिज, कोर्ट ने कहा- सरकारी डॉक्टरों पर भरोसा रखें; स्वास्थ्य पर लगातार नजर

20 दिनों से केंद्रीय शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग दिल्ली हाई कोर्ट ने खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उन्हें सफदरजंग अस्पताल से किसी निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की आवश्यकता नहीं है। कोर्ट ने कहा कि सरकार ने उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कराने का फैसला लिया था, जिसे मनमाना नहीं कहा जा सकता।

दरअसल, वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है और उनके पति को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाए। हालांकि अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया और सरकारी डॉक्टरों की निगरानी पर भरोसा जताया।

सुनवाई में कपिल सिब्बल ने उठाए सवाल

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद उनके वकीलों और निजी डॉक्टरों से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कौन-कौन सी दवाएं दी गई हैं। सिब्बल ने अदालत से वांगचुक को अस्पताल से छुट्टी देने या उनकी पसंद के अस्पताल में इलाज की अनुमति देने की मांग की।

सरकार ने स्वास्थ्य स्थिति को बताया गंभीर

केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कहा कि लगातार 18 से अधिक दिनों की भूख हड़ताल के कारण वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। उन्होंने अदालत को बताया कि लंबे समय तक उपवास रहने से शरीर ‘कीटोसिस’ जैसी स्थिति में पहुंच सकता है और पोटैशियम का स्तर गिरने पर किडनी समेत अन्य अंगों पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में उन्हें तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में रखना जरूरी था।

कोर्ट ने क्या कहा?

दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि सरकार का कदम स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। अस्पताल के डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और उनकी सहमति से ही आवश्यक चिकित्सा दी जा रही है। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि उनके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती की गई है। अदालत ने माना कि ऐसी परिस्थितियों में सरकार के पास हस्तक्षेप करने का अधिकार है।

कैसी है सोनम वांगचुक की तबीयत?

सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ अपडेट के मुताबिक, सोनम वांगचुक की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। उनका ब्लड प्रेशर, पल्स और ऑक्सीजन सैचुरेशन सामान्य सीमा में है। हालांकि ब्लड पैरामीटर्स में कुछ बदलाव और शरीर में डिहाइड्रेशन के लक्षण पाए गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close