महाकाल भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी! श्रावण में बदलेगा मंदिर का पूरा शेड्यूल, अब 19 घंटे होंगे दर्शन

30 जुलाई से 7 सितंबर तक लागू रहेगा नया टाइम टेबल, भस्म आरती समेत पांचों पहर की आरती में मिलेगा चलायमान दर्शन का लाभ।

उज्जैन। बाबा महाकाल के भक्तों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी है। श्रावण-भाद्रपद महापर्व को देखते हुए उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर का नया दर्शन और आरती शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 30 जुलाई से 7 सितंबर तक मंदिर के पट सामान्य दिनों की तुलना में एक से डेढ़ घंटे पहले खोले जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को रोजाना करीब 19 घंटे तक भगवान महाकाल के दर्शन का अवसर मिलेगा।

कब खुलेंगे मंदिर के पट?

महाकाल मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक के अनुसार, सामान्य दिनों में मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलते हैं। लेकिन श्रावण-भाद्रपद महापर्व के दौरान हर रविवार को रात 2:30 बजे और सोमवार से शनिवार तक रात 3 बजे मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती संपन्न होगी।

अब पांचों पहर की आरती में भी मिलेगा दर्शन

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अभी तक केवल भस्म आरती के दौरान ही चलायमान दर्शन की व्यवस्था थी, लेकिन अब श्रावण और भाद्रपद माह में पांचों पहर की आरती के दौरान भी भक्तों को चलायमान दर्शन का लाभ मिलेगा। इससे अधिक संख्या में श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे।

भीड़ को देखते हुए खास इंतजाम

श्रावण महापर्व में लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्तिकेय मंडपम में एक साथ तीन कतारें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा मंदिर समिति ने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा और यातायात को लेकर भी व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन का लाभ मिल सके।

श्रावण में बाबा महाकाल के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए यह नया शेड्यूल बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में यात्रा से पहले दर्शन के समय और मंदिर की नई व्यवस्था की जानकारी जरूर कर लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close