पहली बार मोल्दोवा पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, इस ऐतिहासिक दौरे से भारत को क्या मिलेगा?

तीन देशों की राजकीय यात्रा के पहले चरण में चिशिनाउ पहुंचीं राष्ट्रपति, उप प्रधानमंत्री मिहाई पोपशोई ने किया भव्य स्वागत; मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया में होंगी अहम द्विपक्षीय बैठकें।

नई दिल्ली/चिशिनाउ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा के पहले चरण में मोल्दोवा की राजधानी चिशिनाउ पहुंचीं। चिशिनाउ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोल्दोवा के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मिहाई पोपशोई ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली आधिकारिक मोल्दोवा यात्रा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति के मोल्दोवा पहुंचने की जानकारी साझा की। वहीं राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स अकाउंट से भी इस ऐतिहासिक यात्रा की पुष्टि की गई।

आज होंगी कई अहम बैठकें

राष्ट्रपति मुर्मु सोमवार को मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा वह संसद अध्यक्ष इगोर ग्रोसू से मुलाकात करेंगी और मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों के साथ भी चर्चा करेंगी।

इसके साथ ही उनका भारत-मोल्दोवा व्यापार मंच को संबोधित करने और मोल्दोवा में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का भी कार्यक्रम तय है।

तीन देशों के दौरे पर राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर हैं।

  • 21 जुलाई को वह उत्तर मैसेडोनिया पहुंचेंगी, जहां राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा और प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्की से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा वह संसद को संबोधित करेंगी और भारत-उत्तर मैसेडोनिया व्यापार मंच में भी हिस्सा लेंगी।
  • 23 जुलाई को राष्ट्रपति रोमानिया पहुंचेंगी। वहां वह राष्ट्रपति, अंतरिम प्रधानमंत्री और सीनेट अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी। साथ ही भारत-रोमानिया संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से बातचीत करेंगी, व्यापार मंच को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगी।

यह यात्रा भारत और यूरोप के इन तीन देशों के बीच राजनयिक, आर्थिक और संसदीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close