धनबाद: रेलवे का मेगा एक्शन! एक ही दिन में 688 यात्री धराए, लाखों का जुर्माना वसूल… स्टेशन पर मच गई हलचल

धनबाद। धनबाद रेल मंडल में गुरुवार को चलाए गए मेगा टिकट चेकिंग अभियान में रेलवे ने बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 688 यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे कुल 6,45,315 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के अलावा उचित प्राधिकार के बिना उच्च श्रेणी (अपग्रेड) में सफर करने वाले तथा बिना बुक किए सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की भी सघन जांच की गई।
यह विशेष अभियान धनबाद रेल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और कई मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में एक साथ चलाया गया। टिकट जांच टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर यात्रियों के टिकटों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की।
अभियान का असर स्टेशनों पर भी साफ दिखाई दिया। टिकट जांच की सख्ती की खबर फैलते ही अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा से पहले टिकट खरीदना जरूरी समझा।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर आगे भी इसी तरह के अचानक मेगा चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।









